CGTalkies

CGTalkies News

फिंगेश्वर व्यापारी संघ के चौथी बार अध्यक्ष बने युवराज सिन्हा, नगर विकास के लिए उठाई फायर ब्रिगेड समेत कई मांगें

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- नगर के श्री द्वारसिवनी व्यापारी विकास संघ में एक बार फिर युवराज सिन्हा पर व्यापारियों ने भरोसा जताया है। उन्हें लगातार चौथी बार संघ का अध्यक्ष बनाया गया है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत झरझरा-मुरमुरा स्थित प्रसिद्ध मां झरझरा देवी मंदिर परिसर में व्यापारी संघ की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मां झरझरा देवी एवं भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान नगर के व्यापारियों ने संगठन की मजबूती के साथ नगर विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में व्यापारियों ने नगर की सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर नगर पंचायत फिंगेश्वर एवं कलेक्टर गरियाबंद के नाम आवेदन सौंपने का निर्णय लिया। इसमें नगर के लिए फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध कराने की प्रमुख मांग रखी गई। व्यापारियों का कहना था कि आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं के दौरान तत्काल राहत के लिए नगर में अग्निशमन वाहन की सुविधा बेहद जरूरी है।

10 दिनों में शुरू होंगे बंद पड़े शौचालय और वाटर एटीएम

बैठक में नगर की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने पुराने नगर पंचायत कार्यालय के पीछे नवनिर्मित शौचालय, साप्ताहिक बाजार के पास बने शौचालय और नए बस स्टैंड में तैयार वाटर एटीएम को जल्द शुरू कराने की मांग उठाई। इस संबंध में लिखित आवेदन नगर पंचायत को दिया गया है। बताया गया कि संबंधित सीएमओ ने इन सुविधाओं को 10 दिनों के भीतर प्रारंभ कराने की बात कही है।

व्यापारियों के सम्मान और हितों के लिए रहूंगा समर्पित-युवराज

चौथी बार अध्यक्ष बनाए जाने पर युवराज सिन्हा ने सभी व्यापारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों से व्यापारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। संघ में छोटे-बड़े सभी व्यापारियों और उद्योगपतियों को समान सम्मान और व्यवहार मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हुए व्यापारियों के हितों एवं नगर के विकास के लिए लगातार काम करेंगे।

राजा नीलेंद्र बहादुर सिंह बने नए संरक्षक

इस अवसर पर फिंगेश्वर के सर्वरकार एवं राजा श्री नीलेंद्र बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी संघ ने उन्हें संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे आजीवन निभाएंगे। संघ और व्यापारियों को जब भी उनके सहयोग की आवश्यकता होगी, वे खुले दिल से सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम में सर्वरकार राजा नीलेंद्र बहादुर सिंह, संरक्षक महेंद्र सिंह ठाकुर, यदुनंदन श्रीवास, नेमीचंद जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता रामूराम साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष जितेंद्र पिंकी ठाकुर, चमन यदु, कोषाध्यक्ष भीकम साहू, सचिव राम प्रसाद साहू, संतोष ठाकुर, पार्षद रमलू टांडेकर, त्रिलोक यदु, ऋषि सूर्यवंशी, शत्रुघ्न साहू, अशोक सिंहा, राधेश्याम यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में करीम खान ने आभार व्यक्त किया। वहीं छत्तीसगढ़ वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ रायपुर के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा और सौरव बख्शी ने भी युवराज सिन्हा को पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *