CGTalkies

CGTalkies News

अभनपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक कल्पतरु प्लांट के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मृतक युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।

बताया जा रहा है कि कल्पतरु प्लांट होने के कारण इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। सड़क पर बेतरतीब खड़े इन वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय स्तर पर इस समस्या को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर जिम्मेदार विभाग कब कार्रवाई करेगा?

वहीं, हादसे के बाद बाइक सवार युवकों के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की शिनाख्त और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *