(सीजी टॉकिज) आरंग:- रायपुर जिले के आरंग इलाके में 8 वर्षीय बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मेडिकल स्टोर से खेलने निकला था बच्चा
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी ने थाना आरंग में अपने 8 वर्षीय बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर में काम करता है, जबकि उसकी पत्नी अस्पताल में नर्स है।
बताया गया कि घटना की सुबह बच्चे की मां उसे मेडिकल स्टोर पर छोड़कर गई थी। सुबह करीब 9 बजे बच्चा पिता से खेलने और साइकिल चलाने की बात कहकर दुकान से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी।
15 लाख रुपये की फिरौती मांगने से मचा हड़कंप
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान बच्चे के पिता के पास अज्ञात आरोपियों का फोन आया। आरोपियों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
इसके बाद पुलिस ने रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की। संभावित रास्तों पर नाकेबंदी की गई और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी सतर्क किया गया। पुलिस की घेराबंदी और लगातार बढ़ते दबाव के बीच आरोपी बच्चे को आरंग क्षेत्र के ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम की सुरक्षित वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली।
साइबर सेल की मदद से गिधपुरी में दबिश
पुलिस के मुताबिक, रेंज साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में मिली। इसके बाद आरंग पुलिस की टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर दबिश दी और दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बच्चे का अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मामले में हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25 वर्ष) पिता बुधुराम निषाद, मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20 वर्ष) पिता भक्तु ध्रुव दोनों निवासी ग्राम दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।












Leave a Reply