CGTalkies

CGTalkies News

फिंगेश्वर-महासमुंद में सड़क हादसाः सीमेंट से भरी ट्रक पुलिया से पलटी, मची अफरा-तफरी

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- फिंगेश्वर-महासमुंद प्रमुख मार्ग पर ग्राम भेंडरी पुलिया के पास देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरी एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक द्वारा वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाए जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और पुलिया के पास पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश करने के साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

बिना रेलिंग की पुलिया बनी हादसों का खतरा

फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर ग्राम भेंडरी के पास स्थित पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिया पर रेलिंग नहीं होने के कारण यहां पहले भी वाहन गिरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिया पर जल्द से जल्द सुरक्षा रेलिंग लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *