(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भगवान भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए आचार्य पं. युवराज पांडेय गरियाबंद पहुंचे। इस दौरान वे बुलेट बाइक पर सवार होकर भूतेश्वरनाथ धाम पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आचार्य पं. युवराज पांडेय के भूतेश्वरनाथ चौक पहुंचते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हो गए। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्वागत के बाद आचार्य पं. युवराज पांडेय स्वयं बुलेट चलाते हुए श्रद्धालुओं के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भूतेश्वरनाथ के विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर क्षेत्र एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
बाबा की कृपा छत्तीसगढ़ पर बनी रहे
पूजन-अर्चन के बाद आचार्य पं. युवराज पांडेय ने कहा कि भगवान भूतेश्वरनाथ की कृपा सदैव छत्तीसगढ़ पर बनी रहे। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आचार्य के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत से लेकर मंदिर में दर्शन-पूजन तक पूरा माहौल आस्था और भक्ति से सराबोर रहा।












Leave a Reply