CGTalkies

CGTalkies News

राखी के धागों में बंधा देशप्रेम, सैनिक भाइयों के साथ पीएमश्री स्कूल की बेटियों ने मनाया रक्षाबंधन

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पीएमश्री सेजेस अभनपुर में सैनिक भाइयों के सम्मान एवं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से “एक राखी देश के नाम” कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह के साथ देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

राखी बांधने के दौरान कई छात्राओं और सैनिक भाइयों की आंखें नम हो गईं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और विद्यालय की बेटियों के बीच स्नेह एवं भावनाओं का यह मिलन उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय और भावुक क्षण बन गया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने सैनिक भाइयों के सम्मान में अनेक देशभक्ति नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने अपनी भावनाओं को प्रभावशाली स्पीच के माध्यम से व्यक्त करते हुए कहा कि देश के वीर जवान कठिन परिस्थितियों में अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनकी इसी त्याग, तपस्या और समर्पण के कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य डॉ. तारा त्रिपाठी ने कहा कि “इस तरह के आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये बच्चों को सीधे देशप्रेम, राष्ट्रसेवा और सैनिकों के त्याग से जोड़ते हैं। जब बच्चे सैनिकों से मिलते हैं और उनके हाथों में राखी बांधते हैं, तो उनके मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होती है।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने सैनिक भाइयों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके साहस, शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन किया। राखी के इस पवित्र धागे ने विद्यालय की बेटियों और सैनिक भाइयों के बीच स्नेह के साथ-साथ देशप्रेम का भी मजबूत बंधन स्थापित किया।

इस आयोजन में भारतीय थलसेना के छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा सब एरिया अटल नगर नया रायपुर से नायब सूबेदार श्याम बहादुर राणा ,जगत बहादुर कंवर, मणी कुमार मगर, एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ जिला रायपुर से हवलदार संतोष कुमार साहू सांख्यिकी अधिकारी , नायक योगेश कुमार साहू, नायक कमलनारायण मिश्रा, एवं अग्निवीर झामेश्वर धीवर 282 मीडियम रेजिमेंट कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमन्त कुमार साहू ने किया आयोजन में विद्यालय के दोनों माध्यम के समस्त शिक्षक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही ।

यह आयोजन उपस्थित सभी लोगों के लिए भावनाओं, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से भरा ऐसा अविस्मरणीय अवसर रहा, जिसकी स्मृतियां लंबे समय तक सभी के मन में बनी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *