CGTalkies

CGTalkies News

घटारानी वाटरफॉल में बड़ा हादसाः झरने के ऊपर पहुंचा युवक फिसलकर नीचे गिरा

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- गरियाबंद। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी वाटरफॉल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झरने के ऊपर पहुंचे एक युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। हादसे के बाद युवक कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस ने रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।

घायल युवक की पहचान धमतरी रावां निवासी खूबलाल डिमर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथियों के साथ घटारानी घूमने आया था और हादसे के वक्त नशे की हालत में बताया जा रहा है।

नशे में झरने के ऊपर पहुंचा

जानकारी के मुताबिक करीब 17 लोगों का समूह घटारानी वाटरफॉल घूमने पहुंचा था। इसी दौरान खूबलाल डिमर झरने के ऊपरी हिस्से की ओर चला गया। वहां आगे बढ़ने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। युवक के गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। नीचे गिरने के बाद युवक बेहोश हो गया।

सूचना मिलते ही पहुंची फिंगेश्वर पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने जोखिम उठाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायल युवक तक पहुंचकर उसका रेस्क्यू किया। इसके बाद डायल 112 की मदद से घायल को फिंगेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटारानी वाटरफॉल क्षेत्र में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाम 4 बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाती है। वहीं शाम 5 बजे के बाद आसपास के क्षेत्र में घूमना भी प्रतिबंधित बताया गया है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। खासकर नशे की हालत में झरने और ऊंचाई वाले स्थानों पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है।

पर्यटकों की लापरवाही फिर बनी चिंता

घटारानी वाटरफॉल में लगातार पर्यटकों के लापरवाही भरे व्यवहार के मामले सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पर्यटन स्थल पर चेतावनी और प्रतिबंध के बावजूद जोखिम वाले स्थानों तक पहुंचना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। फिलहाल फिंगेश्वर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने के साथ-साथ पर्यटन स्थलों पर खतरनाक स्थानों तक जाने से भी बचें और सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *