(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम में गुरुवार सुबह स्कूल के सामने पेड़ पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामला गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार राजिम-छुरा मार्ग पर पथर्रा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के सामने सड़क किनारे एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
मृतक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक राजिम के थाना पारा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मृतक की पहचान और अन्य तथ्यों की पुष्टि में जुटी हुई है।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीक हो रहा है। मृतक की पहचान होने के बाद और परिजनों के बयान सामने आने के बाद आत्महत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।




