CGTalkies

CGTalkies News

नालसा मेगा ड्राइव के तहत ग्राम खुड़सा में लगा विधिक जागरूकता शिविर, बच्चों को बताए कानूनी अधिकार

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 24 नवंबर 2026 को ग्राम खुड़सा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार संचालित मेगा ड्राइव (फेज-1, पार्ट-II) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

शिविर का निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के सचिव एवं वरिष्ठ न्यायाधीश अविनाश कुमार दुबे ने किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों तक निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के अधिकार की जानकारी

कार्यक्रम में ग्राम खुड़सा के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शिक्षा के अधिकार, बाल अधिकार और बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्राप्त करने का अधिकार है।

बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण, बाल तस्करी और भेदभाव जैसी समस्याओं के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में कानूनी सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है।

RTE और पॉक्सो सहित प्रमुख कानूनों की दी जानकारी

शिविर में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को कानूनों और योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। जिसमें शिक्षा का अधिकार अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता पात्र व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सलाह, अधिवक्ता और न्यायिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, नालसा की बाल विधिक सेवाओं की जानकारी।

ग्रामीणों को भी कानूनी सहायता के बारे में बताया

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों को मौलिक एवं कानूनी अधिकारों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और नालसा की विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति, महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोग तथा कानून के तहत पात्र अन्य व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और आम नागरिकों को कानूनी रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में अधिकार मित्र के रूप में कमलेश कश्यप, कोमल निषाद, नेहरू टंडन, विक्रम सोनी एवं सुप्रभात हलधर उपस्थित रहे।