CGTalkies

CGTalkies News

स्वस्थ पंचायत सम्मेलन में सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक रोहित साहू हुए शामिल, मितानिन बहनों का साड़ी भेंटकर किया सम्मान

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर के हाई स्कूल प्रांगण में स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पोषण समिति, विकासखंड फिंगेश्वर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी और राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने मितानिनों की सेवाओं की सराहना करते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता विधायक रोहित साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू एवं जिला पंचायत गरियाबंद की सभापति नंदनी ओंकार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं मितानिन बहनें – सांसद

मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की सच्ची प्रहरी और रीढ़ हैं। बिना किसी स्वार्थ के दिन-रात गांव के हर घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं की देखभाल करना बेहद पुनीत कार्य है।

उन्होंने कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि जब लोग घरों से बाहर निकलने में डरते थे, तब मितानिन बहनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घर-घर जाकर सर्वे किया, लोगों को जागरूक किया और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज इन बहनों को सम्मानित करते हुए वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।

स्वस्थ समाज से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र – विधायक

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक रोहित साहू ने कहा कि स्वस्थ समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। गांवों को स्वस्थ रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी मितानिन दीदियां निभा रही हैं। उनकी निस्वार्थ सेवा भावना अनुकरणीय है। कोरोना संकट के समय फ्रंटलाइन योद्धा के रूप में मितानिनों ने जो योगदान दिया, उसे समाज कभी भुला नहीं सकता।

उन्होंने स्वास्थ्य मेले की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजनों को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधाएं मिलती हैं। इसके लिए आयोजन समिति बधाई की पात्र है।

जनपद अध्यक्ष और जिला पंचायत सभापति ने भी की मितानिनों की सराहना

विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि गांव की गलियों से लेकर अस्पताल तक हर सुख-दुख में मितानिन बहनें परिवार के सदस्य की तरह खड़ी रहती हैं। कोरोना काल में क्वारंटाइन सेंटरों की व्यवस्था संभालने से लेकर जरूरतमंदों तक दवाइयां पहुंचाने तक उनका योगदान अद्वितीय रहा है। आज का यह आयोजन उनकी निःस्वार्थ सेवा के सम्मान को समर्पित है।

वहीं जिला पंचायत गरियाबंद की सभापति नंदनी ओंकार साहू ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने और ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने में मितानिनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महामारी के कठिन समय में भी उन्होंने मानवता की सेवा में अपने कदम पीछे नहीं खींचे। आज का सम्मान उनके त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता भागवत हरित, नगर पंचायत फिंगेश्वर अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी, नगर पंचायत कोपरा अध्यक्ष रूप नारायण साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक श्रीवास, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश यदु, फनीकेश्वर नाथ महाविद्यालय के अध्यक्ष राजू साहू, रामू राम साहू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ईश्वर साहू, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष हरिश साहू, संतोषी श्रीवास्तव, जनपद सभापति मंजू साहू, भाजपा मंडल फिंगेश्वर के महामंत्री भुवन साहू एवं प्रेमलाल टोडर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा लक्ष्मी श्रीवास्तव, वीणा निषाद, शांति कोसरे, गोपचंद बैनर्जी, जिला समन्वयक चंद्रकांता साहू, गायत्री यादव, ब्लॉक समन्वयक मधु साहू, नीतू तिवार, सेविका सोनी, शारदा, पार्वती सिन्हा, रामहीन सिन्हा, सगनी सिन्हा, रूपा वर्मा, भारती श्रीवास, गायत्री साहू, हीरामति साहू, नीतू चौहान, धनेश्वरी टोंडे, सोहागा बाई, महेश्वरी साहू, सरोज साहू, अंबिका यादव, सविता यादव, यशोदा साहू, भोज निषाद एवं भुनेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में मितानिन बहनें, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेश पराना ने किया।