फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम परसट्ठी में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार युवकों को बुरी तरह से कुचल दिया, जिससे एक युवक की मौके पर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बस का पहिया युवक के ऊपर से गुजर गया और बुरी तरह कुचल जाने से शरीर के चिथड़े हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के मेहंदी गांव निवासी छह युवक दो बाइकों पर सवार होकर जतमई घूमने जा रहे थे। दोपहर के समय जैसे ही वे फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम परसट्ठी के पास पहुंचे, तभी छुरा से राजिम की ओर आ रही अमन यात्री बस ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा युवक सड़क पर गिर पड़ा और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
एक की मौके पर मौत, दो साथी गंभीर
हादसे में मेहंदी (जांजगीर-चांपा) निवासी राहुल साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि युवक के शरीर के चिथड़े उड़ गए और सिर बुरी तरह कुचल गया। बाइक पर पीछे बैठे बिट्टू और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने फरार बस और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।





