CGTalkies

CGTalkies News

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों मौत, चार दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, मायके पक्ष को हत्या का शक

(सीजी टॉकिज) राजिम :- गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम तर्रा में 34 वर्षीय महिला बबीता नवरंगे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के बाद मायके पक्ष द्वारा मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद महिला का दफन शव दोबारा बाहर निकाला गया। तहसीलदार की निगरानी में पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक बबीता नवरंगे की मौत 16 और 17 सितंबर की दरमियानी रात हुई थी। मृतका का मायका मचेवा, महासमुंद बताया गया है, जबकि उसका ससुराल ग्राम तर्रा में है। परिजनों के अनुसार घटना से एक दिन पहले 16 सितंबर को बबीता को उसके भाई प्रदीप बंजारे ने घर छोड़ा था। इसके बाद रात करीब 2 बजे परिजनों को फोन के माध्यम से उसकी मौत की जानकारी मिली। अचानक हुई मौत की सूचना और परिस्थितियों को लेकर मायके पक्ष ने संदेह जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की।

मायके पक्ष का आरोप है कि बबीता को शाम के समय ही घर छोड़ा गया था और कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों के अनुसार मृतका के मुंह से खून निकलने और कपड़ों पर मल लगे होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन परिस्थितियों की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

9 साल पहले हुई थी शादी, 7 साल की बच्ची भी

बताया गया है कि बबीता नवरंगे की शादी करीब 9 साल पहले मनोज नवरंगे से हुई थी। उनकी एक 7 वर्षीय बेटी भी है। मायके पक्ष ने मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठाए हैं।

2019 में पति के खिलाफ दर्ज हुआ था मारपीट का मामला

मायके पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में मारपीट के मामले को लेकर बबीता के पति मनोज नवरंगे के खिलाफ पाण्डुका थाने में मामला दर्ज हुआ था।