(सीजी टॉकिज) :- अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चांदी जैसे आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये है। कार में सवार दो व्यक्ति चांदी और नकदी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी संपत्ति जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को महासमुंद जिले के बसना पुलिस की टीम पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक सीजी 23 क्यू 9222 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले बैगों में प्लास्टिक के डिब्बों के अंदर विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह नग चांदी जैसी सिल्लियां रखी मिलीं। इसके साथ ही 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए
कार में नवापारा निवासी उमेश कंसारी (45 वर्ष) और राजिम क्षेत्र के ग्राम बेलटूकरी निवासी रोशन कुमार साहू (40 वर्ष) सवार थे। पुलिस ने दोनों से बरामद चांदी और नकदी के वैध दस्तावेज मांगे। लेकिन पुलिस के मुताबिक, दोनों व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद थाना बसना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, सिल्लियां, नकदी और परिवहन में प्रयुक्त कार को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों ने लिखित में कोई दस्तावेज नहीं होना बताया। मामले की सूचना जीएसटी विभाग छत्तीसगढ़ के आयुक्त को भी भेजी गई है।
यह हुई जब्ती
पुलिस ने बताया कि कार से विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन, चांदी जैसे बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये तथा नकद राशि 3 लाख 39 हजार 800 रुपये जब्त की गई है। साथ ही कार को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




