राजिम विधायक रोहित साहू ने ली विभागवार समीक्षा, सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के दिए निर्देश

राजिम विधायक रोहित साहू ने ली विभागवार समीक्षा, सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के दिए निर्देश

(सीजी टॉकीज)राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिरत विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर क्षेत्रीय विधायक श्री रोहित साहू ने विश्राम गृह राजिम में प्रमुख विभागों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में विधायक ने स्पष्ट संकेत दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान विधायक ने राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और पीएम जनमन में संलग्न विभाग के अधिकारियों के साथ एक-एक कर चर्चा की। उन्होंने वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं के संबंधित विस्तृत जानकारी ली। विधायक रोहित साहू ने लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में हो रहे सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों में उच्च मानक की सामग्री का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है।जनता का पैसा विकास में लग रहा है, इसलिए कार्य में पूर्ण गुणवत्ता होना चाहिए। विधायक ने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की भी बात कही। विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए संचालित पीएम जनमन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक देरी नहीं होनी चाहिए।विद्युत विभाग को गर्मी के मौसम और खेती के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वन विभाग को विभागीय योजनाओं के तहत पौधारोपण और फेंसिंग जैसे कार्यों में तेजी लाने को कहा। राजस्व विभाग के अधिकारियों को सीमांकन, नामांतरण और बटांकन जैसे जनहित के मामलों को संवेदनशीलता के साथ निपटाने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारा लक्ष्य राजिम विधानसभा को आदर्श क्षेत्र बनाना है। अधिकारी केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें अपितु क्षेत्र में पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में समयसीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। बैठक के अंत में विधायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वित तरीके से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर वे स्वयं कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पालन किया जाएगा और चल रहे परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उक्त बैठक में राजिम नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव,राजिम के एसडीएम विशाल महाराणा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री रामेश्वर प्रसाद सिंह, एसडीओ मनीष साहू, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन यंत्री,अभिषेक पाटकर,वन विभाग के एसडीओ विकास चंद्राकर , आरईएस के ईई प्रकाश दावरे,एसडीओ नवीन चंद्राकर,विद्युत विभाग के सहायक यंत्री धर्मेंद्र साहू, शिवेंद्र साहू, सहित सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।

अभनपुर में पानी पर कथित ठेकेदार का कब्जा? नगर पालिका की मेन लाइन काटकर भरे जा रहे टैंकर, जनता में भारी आक्रोश

अभनपुर में पानी पर कथित ठेकेदार का कब्जा? नगर पालिका की मेन लाइन काटकर भरे जा रहे टैंकर, जनता में भारी आक्रोश

(सीजी टॉकीज)रायपुर/अभनपुर : अभनपुर नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि नगर पालिका के कथित पानी टैंकर ठेकेदार द्वारा नगर के नल जलापूर्ति की मेन पाइप लाइन को काटकर टैंकर भरे जा रहे हैं, जिसके कारण कई वार्डों में घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस कथित मनमानी से नगरवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका की नियमित जल आपूर्ति बाधित होने के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए निजी टैंकर खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत ने आम नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि जहां एक ओर नगर पालिका पानी सप्लाई देने में असफल है, वहीं दूसरी ओर उसी पानी को टैंकरों के माध्यम से बेचा जा रहा है।

मामले ने लिया राजनीतिक रंग

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है, क्योंकि बताया जा रहा है कि टैंकर ठेकेदार वार्ड क्रमांक 3 के कांग्रेस पार्षद का पुत्र है। इस कारण विपक्षी भाजपा पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन पर संरक्षण देने का आरोप लगाया है। भाजपा पार्षदों ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से की है, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

भाजपा पार्षदों का कहना है कि मेन लाइन काटकर टैंकरों में पानी भरने से कई वार्डों की जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे लोगों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और जल व्यवस्था को जल्द बहाल किया जाए।

नगरवासियों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए यह मामला अब गंभीर होता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब सबकी निगाहें नगर पालिका प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वे जनता की इस समस्या का समाधान कब तक कर पाते हैं।

फोनपे वसूली कांड से हिला फिंगेश्वर शिक्षा विभाग! 260+ स्कूलों से उगाही का खुलासा आदेश गायब—कौन है असली खिलाड़ी

फोनपे वसूली कांड से हिला फिंगेश्वर शिक्षा विभाग! 260+ स्कूलों से उगाही का खुलासा आदेश गायब—कौन है असली खिलाड़ी

फोनपे से वसूली, व्हाट्सऐप से फरमान! फिंगेश्वर शिक्षा विभाग का बड़ा कारनामा 

 

(सीजी टॉकीज) गरियाबंद/फिंगेश्वर-: जिले के फिंगेश्वर विकासखंड में शिक्षा विभाग से जुड़ा कथित अवैध वसूली का बड़ा कांड सामने आया है। परीक्षा परिणाम और फर्द (दस्तावेज) तैयार करने के नाम पर स्कूलों से पैसे लेने का मामला अब डिजिटल सबूतों के साथ उजागर हो गया है। फोनपे के माध्यम से किए गए भुगतान और कथित आदेशों के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार फिंगेश्वर ब्लॉक के 157 शासकीय प्राइमरी और 83 मिडिल स्कूलों से 150 से 300 रुपये तक की राशि ली गई। इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों से भी अलग से वसूली किए जाने की बात सामने आई है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।

वायरल स्क्रीनशॉट ने खोली पोल

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट्स में जिसमे फोनपे ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे जमा कराये गए है, पैसा जमा करने व्हाट्सऐप के माध्यम से कथित रूप से “सूचना/आदेश” जारी किया गया है, जिन मोबाइल नंबरो से पैसे लिए गए है वे स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के सामने आने के बाद अब यह मामला केवल आरोप नहीं, बल्कि जांच योग्य ठोस आधार बन गया है।

सबसे बड़ा सवाल—किसके आदेश पर वसूली

अब पूरे मामले में कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं—

जब कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ, तो यह सूचना किसने जारी की, स्कूलों को फोन कर पैसे किसके कहने पर मांगे गए? फोनपे पर जिस नंबर में राशि जमा हुई, वह किसका है? क्या यह संगठित तरीके से किया गया खेल है?

क्या परीक्षा के लिए बजट नहीं आता?”

शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने सवाल उठाया है कि जब शासन द्वारा परीक्षा और शैक्षणिक कार्यों के लिए बजट पहले से उपलब्ध कराया जाता है, तो फिर इस तरह की अलग से वसूली क्यों की गई? इसे उन्होंने पूरी तरह नियम विरुद्ध और संदिग्ध बताया है।

DEO का बड़ा बयान—“नहीं दिया कोई आदेश”

इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) गरियाबंद से फोन के माध्यम से संपर्क किया गया।DEO ने स्पष्ट कहा— “पैसे लेने के लिए हमारे द्वारा किसी प्रकार का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। यदि इस तरह की वसूली सामने आती है, तो इसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

DEO के इस बयान के बाद अब यह मामला और भी गंभीर हो गया है, क्योंकि इससे साफ है कि वसूली विभागीय आदेश के बिना की गई है।

जिम्मेदार कौन? कार्यवाही की मांग तेज

अब शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन और आम लोगों की मांग है कि फोनपे में जिस नंबर पर पैसा गया उसकी तत्काल जांच हो। संबंधित जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि शिक्षा जैसे संवेदनशील विभाग में इस तरह की घटना “शिक्षा के मंदिर” पर दाग है। संबंधित ब्लॉक और जिला के अधिकारियों पर कार्यवाही होनी चाहिए।

अब प्रशासन की परीक्षा

यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बन चुका है।डिजिटल सबूत, वायरल स्क्रीनशॉट और DEO के बयान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है— क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा?फिलहाल सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

ग्राम बलरामपुर में भव्य श्री राम-जानकी मंदिर निर्माण के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, पूरे गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब

ग्राम बलरामपुर में भव्य श्री राम-जानकी मंदिर निर्माण के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, पूरे गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब

पंडित प्रमोद शर्मा के सानिध्य में पूरे विधि विधान से हो रहा है राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 

(सीजी टॉकीज) फिंगेश्वर/राजिम : ग्राम बलरामपुर में इन दिनों धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। यहां भव्य श्री राम-जानकी मंदिर का निर्माण और उसके प्राण प्रतिष्ठा का कार्य पूर्णता की ओर है, जिसके साथ ही पूरे ग्रामवासी मिलकर राम दरबार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का पावन आयोजन कर रहे हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान को आचार्य पंडित प्रमोद शर्मा जी के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया जा रहा है।

मंदिर स्थापना के इस महोत्सव के दौरान पूरे गांव में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। विशेष रूप से शुक्रवार शाम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान की प्रतिमाएं पूरे ग्राम भ्रमण पर निकलीं। इस दौरान हर घर के आंगन में पहुंचकर भगवान ने ग्रामवासियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

ग्रामवासियों ने भी पूरे श्रद्धा भाव से भगवान का स्वागत किया। घर-घर के सामने आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं और दीप प्रज्वलित कर भगवान की अगवानी की गई। इस शोभायात्रा में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा—सभी वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा गांव भक्ति में सराबोर नजर आया।

मंदिर स्थापना के साथ ही यहां मानस गान सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से आई रामायण मंडलियां राम कथा का सुंदर गुणगान कर रही हैं। भक्ति संगीत और कथा के माध्यम से वातावरण पूरी तरह से राममय हो गया है।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में दुग्धारी मठ रायपुर के महंत रामसुंदर दास जी महाराज एवं सिरकट्टी आश्रम के संत गोवर्धन शरण व्यास जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

वहीं क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू के पश्चिम बंगाल प्रवास पर होने के कारण उनके प्रतिनिधि के रूप में राजू साहू एवं जगदीश यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री राम-जानकी मंदिर समिति के सदस्य भुनेश्वर साहू, लेखराम साहू, तुकाराम साहू, देवचरण साहू, दीना राम साहू, पकलु राम साहू, महेंद्र साहू, जागेश्वर साहू सहित ग्रामीण अध्यक्ष धीरज शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि मनोज यदु, ग्रामीण सचिव गिरीश साहू, डिप्टी सेक्रेटरी छत्तीसगढ़ मंत्रालय घनश्याम साहू, कमल भारती, डोमन भारती, शत्रुघन साहू और समस्त ग्रामवासी तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामवासियों की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

गरियाबंद भाजपा ने सोशल मीडिया विभाग की नई टीम की घोषणा की, अमित वखारिया बने जिला संयोजक

गरियाबंद भाजपा ने सोशल मीडिया विभाग की नई टीम की घोषणा की, अमित वखारिया बने जिला संयोजक

(सीजी टॉकीज) गरियाबंद:  भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चन्द्राकर ने सोशल मीडिया विभाग की नई टीम घोषित की, अमित वखारिया जिला संयोजक और भोलशंकर जायसवाल व अजय पटेल सह-संयोजक बनाए गए।

गरियाबंद भारतीय जनता पार्टी, जिला गरियाबंद में संगठन की मजबूती के लिए अहम नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश संगठन के निर्देशों और वरिष्ठ नेताओं की सहमति से जिले में सोशल मीडिया विभाग के जिला संयोजक एवं सह-संयोजकों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी की अनुमति के बाद जिला संगठन प्रभारी अमित चिमनानी की सहमति से जिला अध्यक्ष अनिल चन्द्राकर ने इन नई नियुक्तियों पर मुहर लगाई है।

भाजपा द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, अमित वखारिया को गरियाबंद जिला सोशल मीडिया संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ ही भोलशंकर जायसवाल और अजय पटेल को जिला सह-संयोजक मनोनीत किया गया है।

जिला अध्यक्ष अनिल चन्द्राकर ने विश्वास जताया है कि नई टीम सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की रीति-नीति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। इन नियुक्तियों के बाद राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला महामंत्री डॉ आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, सुरेन्द्र सोनटेके, मुरलीधर सिन्हा, पारस ठाकुर, प्रीतम सिन्हा, धनराज विश्वकर्मा, सुमित पारख, रिखीराम यादव, राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव, मिलेश्वरी साहू, बिंदु सिन्हा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी है।

फिंगेश्वर में धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, सत्यनारायण कथा का हुआ आयोजन

फिंगेश्वर में धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, सत्यनारायण कथा का हुआ आयोजन

(सीजी टॉकीज) फिंगेश्वर : फिंगेश्वर स्थित छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज भवन में अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज फिंगेश्वर के द्वारा भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और मंगलाचरण के साथ हुई। भगवान परशुराम जी की प्रतिमा को आकर्षक रूप से सजाया गया, जहांपर समाज के लोगों ने पुष्प अर्पित कर व प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात भगवान सत्यनारायण जी की कथा का आयोजन पूरे विधि विधान के साथ किया गया। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

 

कार्यक्रम में महिला, पुरुष और बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समाज के वरिष्ठजनों ने भगवान परशुराम जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष महेश दीवान, शरद चतुर्वेदी,रामकृष्ण तिवारी, पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, नवनीत चतुर्वेदी, भूपेंद्र दीवान, संतोष चतुर्वेदी, अनिल शर्मा,सुशील शर्मा, सनकादिक चौबे, जयेश शुक्ला, दीपक शुक्ला, सतीश शर्मा, महेंद्र तिवारी, रामस्वरूप तिवारी, कृष्णा तिवारी, दादू महराज, मनीष तिवारी, अमन शर्मा, वात्सल्य दीवान, सत्यम चतुर्वेदी, प्रसन्न चतुर्वेदी सहित समाज के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और परंपरा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। यह आयोजन समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।

आरंग में गैस नही मिलने से लोगों का फूटा गुस्सा, आक्रोशित लोगों ने आरंग – बलौदाबाज़ार मुख्य को किया चक्काजाम

आरंग में गैस नही मिलने से लोगों का फूटा गुस्सा, आक्रोशित लोगों ने आरंग – बलौदाबाज़ार मुख्य को किया चक्काजाम

(सीजी टॉकीज) आरंग : एलपीजी वितरण पर सरकार के तमाम अच्छे दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही है। अभी भी लोगों को गैस के लिए लंबा इंतजार, कतार और एजेंसी के चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उसके बाद भी सिलेंडर न मिले तो लोगों को सोए हुए प्रशासन को जगाने चक्काजाम करना पड़ रहा है। कुछ ऐसे ही हुआ रविवार की सुबह आरंग में, गैस नही मिलने से आक्रोशित लोगों ने आरंग में चक्काजाम कर दिया।

दूर दराज से आए लोग सुबह से ही लगे थे कतार में

आरंग के अलावा दूर-दराज गावों से आये लोग गैस के लिए तड़के सुबह से ही कतार में लग जाते हैं। रविवार को गिरजा इंडेन एजेंसी द्वारा गैस नही वितरण से मना करने के बाद लोगों का धैर्य टूट गया। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय और ग्रामीणों ने आरंग बलौदाबाजार मुख्यमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि 3 अप्रेल को पर्ची कटाने के बाद रविवार को गैस के लिए बुलाया गया था। लेकिन एन वक्त में एजेंसी ने गैस सिलेंडर बाटने से मना कर दिया। इस बीच लोगों ने प्रशासन और एजेंसी के खिलाफ जमकर नारे लगाए। लोगों ने गैस एजेंसी पर मनमानी और कालाबाज़ारी करने का भी आरोप लगाया।

 

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची आरंग पुलिस 

 

चक्काजाम की सूचना पर मौके पर पहुंची आरंग पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर जाम खत्म करने की अपील की। इस बीच पुलिस के अधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से बातकर गैस वितरण को लेकर व्यवस्था बनाने की बात कही। इस बीच सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी।

 

 

आरंग में एक ही गैस ही गैस एजेंसी होने के कारण एजेंसी की मनमानी चल रही है। कुछ दिन पहले एजेंसी के संचालक और कर्मचारियों को बुलाकर नगर पालिका द्वारा फटकार लगाकर व्यवस्था सुधारने कहा गया था। लेकिन गैस एजेंसी का ढर्रा वैसे ही चल रहा।

गांव चलो-बस्ती चलो अभियान: टेका में भाजपा का जनसंपर्क, लाभार्थियों से सीधा संवाद

गांव चलो-बस्ती चलो अभियान: टेका में भाजपा का जनसंपर्क, लाभार्थियों से सीधा संवाद

 

(सीजी टॉकीज) गरियाबंद : भारतीय जनता पार्टी मंडल कोपरा के ग्राम टेका में “गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों एवं शासन की योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया।

 

कार्यक्रम में मंडल के सह प्रभारी एवं जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जनपद अध्यक्ष फिंगेश्वर श्रीमती इंद्राणी साहू, मंडल अध्यक्ष गोपी ध्रुव, वरिष्ठ कार्यकर्ता नेहरू साहू सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही मंडल महामंत्री, किसान मोर्चा के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक और ग्राम के जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

 

ग्राम टेका के सरपंच गंगा प्रसाद भारद्वाज, उपसरपंच बुधारूप साहू, बूथ अध्यक्ष लेखराम साहू, पूर्व उपसरपंच भूषण साहू, जितेंद्र साहू, हरिशंकर साहू एवं अन्य वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम को मजबूती मिली।

 

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों से संपर्क किया और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया।

सुपेबेड़ा के बाद अब फ़िंगेश्वर के पथर्री में किडनी रोगी मिलने की बात आ रही सामने 

विधायक रोहित साहू ने वस्तुस्थिति की जानकारी लेने प्रशासन को दिए निर्देश

(सीजी टॉकीज)राजिम :- गरियाबंद जिले के सुपेबेड़ा के बाद अब फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री में किडनी मरीज मिलने की बात सामने आने से  स्वास्थ्य विभाग के लिए यह नई चिंता का विषय बन गया है। गाँव में किडनी मरीज मिलने की सूचना मिलते ही राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने इस पर संज्ञान लिया और संवेदनशीलता दिखाते हुए वस्तुस्थिति का जायजा लेने के  साथ ही प्रशासन को युद्ध स्तर पर शिविर एवं मरीजों के चिन्हांकन शुरू करने के निर्देश दिए हैं। विधायक रोहित साहू ने दूरभाष के माध्यम से विभाग के अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई और अन्य सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की। विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक रोहित साहू ने कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं जिसके तहत सोमवार को गाँव में तत्काल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ स्वास्थ्य शिविर लगाई जाएगी ताकि हर ग्रामीण की स्क्रीनिंग हो सके। इसके साथ ही गांव व क्षेत्र के सभी पेयजल स्रोतों हैंडपंप, कुआं आदि के पानी की लैब टेस्टिंग कराकर बीमारी के मूल कारणों का पता लगाई जाएगी।

विधायक रोहित साहू ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक घरों में जाकर डोर-टू-डोर काउंसलिंग के बीमारी के लक्षणों के प्रति जागरूक करे और उन्हें शुद्ध पेयजल के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही चिन्हांकित गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने और उनके निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि पथर्री के नागरिकों का स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता है। सुपेबेड़ा जैसी पुनरावृत्ति यहाँ किसी भी हाल में नहीं होने दी जाएगी। मैंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच और उपचार में कोई कमी न रहे। जल्द ही गाँव का दौरा कर अन्य आवश्यकताओं का जायजा भी लेंगे।

विधायक की सक्रियता के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। और सोमवार को गांव में शिविर लगाकर बीमारी के कारणों का पता लगाया जाएगा।

कार्यकर्ताओं के स्नेह से सराबोर हुए पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब

(सीजी टॉकीज)राजिम : राजिम क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य संतोष उपाध्याय का जन्मदिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उनके निवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके निवास पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते रहे।

इस दौरान राजिम प्रेस क्लब के अध्यक्ष नीरज शर्मा एवं फिंगेश्वर मंडल के पूर्व महामंत्री तुलस कन्नौजे भी पूर्व विधायक के निवास पहुंचे। उन्होंने बुके भेंटकर तथा केक काटकर संतोष उपाध्याय का जन्मदिन मनाया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय वर्षों से “तेरा तुझको अर्पण, क्या लागे मेरा” को अपने जीवन का ध्येय वाक्य मानकर राजिम विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा में समर्पित रहे हैं। उन्होंने पंच, सरपंच, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य से लेकर विधायक तक के विभिन्न पदों पर रहकर लगातार क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया है।

निवास पर दिनभर लगा बधाई देने वालों का तांता, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने केक काटकर दी शुभकामनाएं

उनके जन्मदिन के अवसर पर विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महामंत्री द्व्य चंद्रशेखर साहू, आशीष शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, राजिम मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, भाजयुमो नेता आशीष पांडेय सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत रूप से मिलकर, उनके साथ केक काटकर,

oplus_32

दूरभाष एवं सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर संतोष उपाध्याय ने भावुक होते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का यह अपार स्नेह और प्रेम देखकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि “इनके इस निश्छल प्रेम के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं वादा करता हूं कि आने वाले समय में भी मैं इसी तरह सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के साथ कदम से कदम मिलाकर हर परिस्थिति में खड़ा रहूंगा।”

कार्यक्रम के दौरान पूरे दिन उत्सव का माहौल बना रहा और समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाई।