गर्भवती पत्नी की हत्या, गुप्तांग में डाली हथियार, अस्पताल ले जाकर सड़क हादसे की बताई झूठी कहानी, आरोपी पति गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में एक हैवान पति की दरिंदगी सामने आई है, जहां उसने अपनी 3 महीने की गर्भवती पत्नी को बेरहमी हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ बेदम मारपीट की, फिर उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे का हथियार डाल दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी प्रदीप अगरिया ने दो दिन पहले अपनी पत्नी हीराबाई (23 वर्ष) के साथ मारपीट की थी। घटना के बाद आरोपी पति घायल पत्नी को खुद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा और डॉक्टरों को सड़क हादसे की झूठी कहानी सुनाई। वहां उसने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।

डॉक्टरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए। बताया गया कि महिला के शरीर पर 16 से अधिक गंभीर चोटों के निशान मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला के प्राइवेट पार्ट से करीब 10 इंच लंबी लोहे की रेती (हथियार) बरामद हुई। रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि महिला 3 महीने की गर्भवती थी, जिससे गर्भ में पल रहे मासूम की भी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनके चार बच्चे हैं। आरोपी प्रदीप अगरिया शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन आरोपी ने घर में ही पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। घर की जांच में कमरे और दरवाजे के पास खून के निशान मिले। पुलिस को घसीटने के भी सबूत मिले हैं। मृतका की 5 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि पिता ने उनकी आंखों के सामने मां को बेरहमी से पीटा, जबकि बच्चे डर के मारे सहमे हुए कोने में बैठे रहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मणिपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने आरोपी प्रदीप अगरिया को डैम के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *