CGTalkies

CGTalkies News

जंगल में महिला वकील की बेरहमी से हत्या, शादीशुदा प्रेमी ने पहले गला दबाया, फिर गुमराह करने पत्थर से कुचला सिर

(सीजी टॉकिज) :- रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल में मिली जूनियर महिला अधिवक्ता आराधना सिदार की क्षत-विक्षत लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के शादीशुदा प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का दबाव बढ़ने पर सुनसान जंगल में ले जाकर पहले प्रेमिका का गला दबाया, फिर पत्थर और चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मृतका के मोबाइल से उसकी आवाज में परिजनों और सहेलियों से बात कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की।

पुलिस के मुताबिक सक्ति जिले के चारपारा गांव निवासी 30 वर्षीय लोकनाथ पटेल की पहचान सोशल मीडिया के जरिए लैलूंगा निवासी जूनियर महिला वकील आराधना सिदार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। लोकनाथ पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात आराधना से छिपाकर रखी। मामला तब बिगड़ा जब आरोपी की पत्नी की फेसबुक डीपी देखकर आराधना को उसके शादीशुदा होने का पता चला। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आराधना लगातार शादी का दबाव बनाने लगी।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने आराधना को रास्ते से हटाने की योजना पहले ही बना ली थी। 10 मई को वह आराधना को बाइक से सक्ति लेकर गया। दोनों ने दमाउधारा मंदिर घूमने के बाद एक लॉज में कमरा लिया, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से पति-पत्नी बनकर एंट्री की। इसी दौरान उसने बाजार से पीले हैंडल वाला चाकू खरीदा।

अगली सुबह आरोपी आराधना को तुमीडीह जंगल ले गया। वहां प्यार का झांसा देकर जंगल के भीतर ले जाकर पहले उसका गला दबाया। बेसुध होने के बाद पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार किए और फिर चाकू से गला रेत दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव के कपड़े उतार दिए, उसे पत्थरों से दबाया और सैंडल दूर फेंक दिए।

पुलिस के अनुसार आरोपी को मृतका के मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड पता था। शक से बचने के लिए उसने हत्या के बाद मृतका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को लड़की की आवाज में कॉल किया। बाद में मोबाइल तोड़कर फेंक दिया।

12 मई को जंगल में महिला की अर्धनग्न लाश मिलने के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बाइक नंबर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में टूट गया और पूरा जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *