CGTalkies

CGTalkies News

महतारी वंदन योजना के पैसों से ग्राम कुटेना में महिलाओं ने की मंदिर निर्माण की अनूठी पहल, विधायक रोहित साहू ने की प्रशंसा

(सीजी टॉकिज) राजिम :- छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण का एक बड़ा माध्यम बन चुकी है। इस योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं केवल अपने दैनिक कार्यों तक सीमित न रखकर, समाजहित और रचनात्मक कार्यों में भी कर रही हैं। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण छुरा विकासखंड के ग्राम कुटेना में देखने को मिला है, जहां शिवशक्ति महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि की बचत करके गांव में भव्य मंदिर के निर्माण का बीड़ा उठाया है।

महिलाओं की इस धार्मिक व सामाजिक पहल की गूंज पूरे क्षेत्र में है। जब समूह की महिलाओं ने राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू से उनके निवास जाकर इस नेक पहल की जानकारी को साझा किया ​तो विधायक ​विधायक रोहित साहू ने महिलाओं के इस जज्बे की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्राम कुटेना की शिवशक्ति महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि जब नारी शक्ति ठान ले, तो वे व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और गांव की तस्वीर भी बदल सकती हैं।

महतारी वंदन योजना के पैसों को जोड़कर मंदिर का निर्माण करवाना यह दर्शाता है कि हमारी माताओं-बहनों के संस्कार और धार्मिक भावनाएं कितनी उच्च हैं। विधायक रोहित साहू ने विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। ​

सरकार की इस योजना की सफलता पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि आज प्रदेश की लाखों माताएं-बहनें इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और छोटे-छोटे स्तर पर बड़े बदलाव ला रही हैं। शासन की योजनाएं बिना किसी रुकावट के सीधे पात्र हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताना-बाना मजबूत हो रहा है। कुटेना की महिलाओं ने साबित कर दिया है कि सरकारी सहायता सही हाथों में पड़ने पर किस प्रकार धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता के कार्यों में तब्दील हो सकती है।

​​शिवशक्ति महिला स्वसहायता समूह की इस सराहनीय पहल से पूरे ग्राम कुटेना में उत्साह का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि सरकार द्वारा दी जाने वाली इस राशि ने उनके सपनों को पंख दिए हैं और वे आगे भी ऐसे सामाजिक व धार्मिक कार्यों में अपना योगदान देती रहेंगी। विधायक से मुलाकात के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, समूह की महिलाएं और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राजिम विधायक कार्यालय में मनाई गई महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

(सीजी टॉकिज) राजिम :- विधायक रोहित साहू के निवास कार्यालय में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

विधायक रोहित साहू ने बापू के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी के ओजस्वी नारे जय जवान, जय किसान के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाने के साथ-साथ स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज के दौर में भी उतना ही प्रासंगिक है।

वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, उनकी ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। इस कार्यक्रम के दौरान राजिम क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

राजिम में युवक की संदिग्ध मौत, सतनामी समाज का थाना घेराव, 5 लोगों पर हत्या का आरोप; FIR और गिरफ्तारी की मांग

(सीजी टॉकिज) :- राजिम इलाके में युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 27 सितंबर को घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर मिले युवक के शव को लेकर परिजन और सतनामी समाज इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं। हत्या की आशंका जताते हुए आज सतनामी समाज ने राजिम थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

राजिम थाना परिसर के सामने बड़ी संख्या में समाज के लोग और ग्रामीण जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। स्थिति को देखते हुए राजिम, फिंगेश्वर सहित गरियाबंद जिले से पुलिस बल तैनात किया गया है।

फांसी के फंदे पर मिला था शव

राजिम में युवक की संदिग्ध मौतजानकारी के अनुसार, ग्राम टेका निवासी राजकुमार भारद्वाज का शव 27 सितंबर को उसके घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। वहीं, मृतक के परिजनों ने शुरू से ही मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया और हत्या की आशंका जताई।

परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह राजकुमार घर के बाहर बैठा हुआ था। परिवार के सदस्य खेत में काम करने गए थे। करीब 11.30 बजे जब वे वापस लौटे तो राजकुमार का शव घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसी परिस्थिति को लेकर परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।

पांच लोगों पर मारपीट और हत्या का आरोप

राजिम थाना घेरावमृतक के परिजनों ने गांव के पांच लोगों पर राजकुमार के साथ मारपीट करने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान राजकुमार की मौत हुई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाया गया।

थाना पहुंचकर सौंपा था आवेदन

मृतक के परिजनों ने राजिम थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपा था। आवेदन में घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।

पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही मामला अब सामाजिक आक्रोश का रूप ले चुका है।

थाना के सामने बैठा समाज

राजिम थाना घेरावशुक्रवार को सतनामी समाज के लोग बड़ी संख्या में राजिम थाना पहुंचे और थाना के सामने बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी राजिम के फॉरेस्ट नाका से थाने तक पैदल मार्च निकाला उसके बाद थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राजकुमार की मौत की निष्पक्ष जांच हो और जिन पांच लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गरियाबंद SDOP लितेश सिंह समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है। इलाके अलावा राजिम, फिंगेश्वर और गरियाबंद जिले के अन्य क्षेत्रों से पुलिस बल तैनात किया है। थाना परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच मामले को लेकर बातचीत की स्थिति बनी हुई है।

राजिम इलाके में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने 5 लोगों पर लगाया मारपीट का आरोप

(सीजी टॉकिज) :- राजिम इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने पहुंचे और जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। घटना राजिम क्षेत्र के ग्राम टेका का है।

घर की खिड़की में फंदे पर लटका मिला शव

राजिम में युवक की संदिग्ध मौतजानकारी के अनुसार ग्राम टेका निवासी राजकुमार भारद्वाज का शव 27 सितंबर को उसके घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मर्ग कायम किया, वहीं मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि घटना से पहले गांव के पांच लोगों ने राज कुमार के साथ मारपीट की थी। परिजनों ने पुलिस को इन लोगों के नाम बताते हुए पूरे मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह जब वे खेत में काम करने के लिए जा रहे थे, तब राज कुमार घर के बाहर बैठा हुआ था। करीब 11.30 बजे जब वे वापस लौटे तो उसका शव घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसी परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए सवाल उठाए हैं।

पांच लोगों पर मारपीट का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि पांच लोगों द्वारा मारपीट के दौरान राज कुमार की मौत हुई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाए जाने की आशंका है। मामले को लेकर मृतक के परिजन राजिम थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि जांच पूरी होने तक मौत को आत्महत्या मानना उचित नहीं होगा।

राजिम में युवक की संदिग्ध मौतवहीं राजिम पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दी गई है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। राज कुमार की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिंगेश्वर के दर्रीपार में जमीन विवाद के बाद तनाव, राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित मिलने से सतनामी समाज में आक्रोश, बड़ी संख्या में थाना पहुंचने का आह्वान

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से लगे दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। जमीन संबंधी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रशासन की गाड़ी को रोकने की बात सामने आई थी। इसके ठीक अगले दिन गुरुवार सुबह दर्रीपार क्षेत्र में शूरवीर एवं महान प्रतापी राजा गुरु बालक दास की स्थापित प्रतिमा खंडित हालत में मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

प्रतिमा खंडित किए जाने की खबर फैलते ही सतनामी समाज के लोगों में आक्रोश देखा गया। समाज के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

बताया जा रहा है कि दर्रीपार में जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा था। इसी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था। जांच के दौरान प्रशासन की गाड़ी रोके जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह प्रतिमा खंडित मिलने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, प्रतिमा किसने और किन परिस्थितियों में खंडित की, इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

सुबह से ही समाज में आक्रोश, थाना पहुंचने की अपील

घटना को लेकर तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के अध्यक्ष कोमल ढीढी ने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में सुबह 10 बजे फिंगेश्वर थाना पहुंचने की अपील की है। उन्होंने समाज के लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से थाना पहुंचकर घटना के संबंध में पुलिस के समक्ष अपनी बात रखने का आह्वान किया है।

वहीं तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के सचिव कुलेश्वर सोनवानी ने कहा कि समाज के लोग थाना पहुंचकर घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज के प्रतिनिधि गरियाबंद एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे।

जमीन विवाद से जुड़ा मामला, प्रशासनिक जांच के बाद बढ़ा तनाव

दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर प्रशासन की टीम की मौजूदगी और उसके बाद प्रतिमा खंडित मिलने की घटना को लेकर अब पुलिस और प्रशासन के सामने मामले की पूरी कड़ियों को जोड़ने की चुनौती है। समाज के लोगों का कहना है कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। प्रतिमा खंडित करने के पीछे कौन लोग हैं और घटना का जमीन विवाद से कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

बाढ़ आपदा के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे विधायक रोहित साहू, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लिया नुकसान का जायजा

(सीजी टॉकिज) राजिम :- विगत दिनों क्षेत्र में हुई लगातार मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न बाढ़ और उससे हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू सीधे ग्राउंड जीरो पर उतरे। विधायक ने अपने सघन दौरे के तहत बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए कोपरा, तर्रा और कुरूसकेरा गांवों का दौरा किया और वर्तमान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हुए नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया।

दौरे के दौरान विधायक रोहित साहू के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विधायक ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जलभराव और बाढ़ से प्रभावित किसी भी नागरिक को राहत पहुंचाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। प्रशासनिक टीम ने भी गांवों में पहुंचकर नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर विधायक रोहित साहू ने सीधे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने पानी से घिरे घरों, डूबी हुई फसलों और रास्तों पर हुए नुकसान का निरीक्षण किया।

विधायक ने संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावितों की मदद के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं और जिन परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उनका त्वरित सर्वे कर जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्कता बरतें।

इस दौरान प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष कोपरा गोपी ध्रुव, महामंत्री हेमंत वर्मा नगर पंचायत कोपरा के पार्षद प्रणय साहू, एल्डरमैन झामन साहू, दिलीप वर्मा, झाड़ू तारक, अजय साहू, दिनेश साहू, पूर्व अध्यक्ष नोगेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महडिक, पुरेंद्र साहू, ग्राम पंचायत तर्रा के सरपंच प्रतिनिधि तुकेश साहू, कुरूसकेरा सरपंच कमल क्रांति राव, ग्वाल तारक, नोखे साहू ,नेपाल साहू, चेमन साहू, रिपु निर्मलकर, तेजराम पटेल ,पीयूष साहू, चम्मपु पटेल, बाली पटेल, गिरधारी तारक, विनोद पटेल, शेखर पटेल, लक्षमन पटेल सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सेवानिवृत्त होने वाले दो स्वास्थ्यकर्मियों को कलेक्टर ने सौंपा पीपीओ आदेश, शाल-श्रीफल से किया सम्मानित

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक समर्पित भाव से सेवाएं देने वाले दो कर्मचारियों के लिए 29 सितंबर का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा। 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले लेखराम वर्मा, पर्यवेक्षक, सेक्टर फिंगेश्वर और दौवा राम चक्रधारी, एनएमए, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा को कलेक्टर के करकमलों से पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) प्रदान किया गया। इस अवसर पर दोनों कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्ति से पहले मिला पीपीओ आदेश

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने ने बताया कि जिला गरियाबंद में स्वास्थ्य विभाग के लिए यह अवसर विशेष रहा। दोनों कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्ति से पहले पीपीओ आदेश प्रदान करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दी सुखमय जीवन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक एवं खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों का अनुभव और सेवाभाव विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

सभी ने लेखराम वर्मा और दौवा राम चक्रधारी के स्वस्थ, दीर्घायु, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

राजिम में दो अज्ञात शव मिलने से मचा हड़कंप, गोदना से शिनाख्त की कोशिश, दूसरी लाश सड़ी-गली हालत में मिली

(सीजी टॉकिज) राजिम :- गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में महानदी के अलग-अलग जगहों पर दो अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। एक महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिली, जबकि दूसरी महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। 

अर्धनग्न हालत में मिला पहला शव

महानदी में मिली दो महिलाओं की लाशजानकारी के अनुसार राजिम-नवागांव एनीकट के पास मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना पर राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया। महिला की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हाथ पर ‘अनिता राज’ का गोदना

बताया गया कि महिला के हाथ पर गोदना यानी टैटू बना हुआ है, जिसमें ‘अनिता राज’ लिखा है। राजिम पुलिस के अनुसार हाथ पर बने गोदना के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मणिकंचन वार्ड में मिली सड़ी-गली लाश

महानदी में मिली दो महिलाओं की लाशदूसरी महिला का शव राजिम के मणिकंचन वार्ड क्रमांक 1 के पास मिला है। शव काफी सड़ी-गली हालत में मिला है, जिसके कारण महिला की पहचान करने में परेशानी आ रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। मौके से जुरूरी साक्ष्य जुटाकर सुरक्षित किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

महानदी में मिली दो महिलाओं की लाशपुलिस शवों की पहचान के लिए प्रयास कर रही है और आसपास के क्षेत्रों से लापता महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों महिलाओं की मौत किन परिस्थितियों में हुई, शव नदी के अलग-अलग हिस्सों तक कैसे पहुंचे और क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चालान पटने के बाद भी ट्रैक्टर नहीं छोड़ने का आरोप, ट्रैक्टर मालिक संघ ने विधायक रोहित साहू से की शिकायत

(सीजी टॉकिज) राजिम:- राजिम क्षेत्र के ट्रैक्टर मालिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ट्रैक्टर मालिक संघ अध्यक्ष मुन्ना कुर्रे के नेतृत्व मे राजिम के पदाधिकारियों ने मंगलवार को राजिम विधायक रोहित साहू जी से मुलाकात कर खनिज विभाग की कार्रवाई से ट्रैक्टर मालिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।

संघ अध्यक्ष मुन्ना कुर्रे एवं पदाधिकारियों ने विधायक को बताया कि खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर जब्त किए जाने के बाद कई मामलों में चालान की राशि जमा करने के बावजूद वाहन कई दिनों तक नहीं छोड़े जा रहे हैं। संघ के अनुसार कुछ ट्रैक्टर करीब एक माह तो कुछ डेढ़ माह से खड़े हैं। चालान जमा होने के बाद भी कभी साइन नहीं होने तो कभी अन्य प्रक्रिया का हवाला देकर वाहन मालिकों को बार-बार जिला खनिज कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

संघ ने विधायक से मांग की कि खनिज विभाग द्वारा वाहन जब्त किए जाने के बाद अधिकतम 15 दिनों के भीतर चालान की प्रक्रिया पूरी कर वाहन छोड़े जाने की व्यवस्था की जाए, ताकि ट्रैक्टर मालिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले में चालान जमा होने के बाद सामान्यतः लगभग एक सप्ताह में वाहन छोड़े जाने की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, जबकि गरियाबंद जिले में अधिक समय लगने की शिकायत सामने आ रही है।

विधायक ने कलेक्टर से की बात

ट्रैक्टर मालिकों की समस्या सुनने के बाद विधायक रोहित साहू ने गरियाबंद कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर, जिन वाहनों का चालान जमा हो चुका है, उन्हें शीघ्र छोड़ने के निर्देश दिलाने की बात कही। संघ के अनुसार विधायक के हस्तक्षेप के बाद चालान जमा हो चुके वाहनों के आगामी एक-दो दिनों में छोड़े जाने की उम्मीद है।

संघ ने कहा कि यदि चालान जमा होने के बावजूद किसी वाहन को नहीं छोड़ा जाता है तो संबंधित वाहन मालिक तत्काल संघ को इसकी जानकारी दें, ताकि मामले को प्रशासन के समक्ष रखा जा सके।

मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

ट्रैक्टर मालिक संघ ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए पहले संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होने पर संघ द्वारा बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राजिम से गरियाबंद तक ट्रैक्टर मालिकों को एकजुट कर आंदोलन किया जाएगा। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी निर्णय लिया जा सकता है, जिसके तहत ट्रैक्टरों से रेत एवं अन्य परिवहन कार्य बंद रखने पर विचार किया जाएगा।

संघ ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न निर्माण कार्यों, सरकारी कार्यों और ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में ट्रैक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि ट्रैक्टरों का संचालन बंद होता है तो इसका प्रभाव निर्माण एवं विकास कार्यों पर पड़ सकता है।

दोबारा कार्रवाई पर अधिक जुर्माने का भी मुद्दा

संघ ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार कार्रवाई होने के बाद दोबारा वाहन पकड़े जाने पर जुर्माने की राशि काफी बढ़ जाती है। संघ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में भी स्पष्ट एवं पारदर्शी प्रक्रिया की मांग विधायक के समक्ष रखी।

विधायक से मुलाकात के दौरान ट्रैक्टर मालिक संघ राजिम के अध्यक्ष मुन्ना कुर्रे, संरक्षक हरीश साहू, उमेंदी कुर्रे, जी. गौतम रात्रे, अमरदास मिरी, अमित मिरी एवं करण बंजारे सहित संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि ट्रैक्टर मालिक नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन कार्रवाई के बाद चालान जमा होने पर वाहन छोड़ने की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि वाहन मालिकों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान और कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिल सके।

विधायक रोहित साहू ने बच्चों के साथ किया नेवता भोज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सक्षम दिव्यांग आवासीय विद्यालय, सिंधौरी (राजिम) में नेवता भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी नेहरू साहू, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, जनपद सदस्य आशीष शर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू सहित जनप्रतिनिधियों अधिकारियों ने सहभागिता की और विद्यालय के बच्चों के साथ सामूहिक भोज किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात की तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के श्रवण बाधित बच्चों ने अपने शिक्षकों के इशारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि विशेष बच्चों के बीच समय बिताना और उनके साथ भोजन करना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मीयता और सेवा का अवसर है। इन बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और आत्मविश्वास है। समाज को इनके प्रति संवेदनशील होकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देना चाहिए।वही जनपद अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी साहू ने कहा कि सक्षम आवासीय विद्यालय द्वारा विशेष बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण एवं संस्कार देकर आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। बच्चों की सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को दर्शाती हैं।

संस्था प्रमुख रामगुलाल सिन्हा ने बताया कि सक्षम आवासीय विद्यालय में विशेष बच्चों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा, प्रशिक्षण एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनकी प्रतिभाओं की सराहना की। कार्यक्रम ने सेवा, संवेदना और समरसता का संदेश दिया।