CGTalkies

CGTalkies News

स्वच्छ गांव, हरित गांव का संकल्प लेकर आगे आए विद्यार्थी, जुपिटर पब्लिक स्कूल के इको क्लब ने चलाया जागरूकता अभियान

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- पर्यावरण की रक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जुपिटर पब्लिक स्कूल, फिंगेश्वर के इको क्लब ने ग्राम पंचायत पसरदाकला में पर्यावरण एवं स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक के एकल उपयोग से बचने, जल संरक्षण करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।

विद्यालय के संचालक जितेन्द्र कुमार साहू, प्राचार्य, उपप्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और ग्रामीणों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण के महत्व से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पसरदाकला के सरपंच गणेश साहू, उपसरपंच पिलेश्वरी साहू एवं वार्ड पंच उपस्थित रहे। वहीं, विद्यालय की ओर से इको क्लब प्रभारी लोकेश साहू, कुसुम साहू एवं ममता साहू ने सहभागिता निभाई।

विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, पानी की बर्बादी रोकने तथा पौधरोपण को बढ़ावा देने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यार्थियों में विकसित होगी सामाजिक सेवा की भावना

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे उनमें किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक दायित्वों की समझ, प्रकृति के प्रति लगाव और जनहित में काम करने की भावना विकसित होती है।

जुपिटर पब्लिक स्कूल का इको क्लब भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत रहेगा। अभियान का उद्देश्य पसरदाकला को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की दिशा में सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

फिंगेश्वर में दो नाबालिगों का अपहरण कर दुष्कर्म, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।

परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग लड़कियां काफी समय तक घर नहीं पहुंचीं, जिससे परिजन परेशान हो गए। काफी तलाश और पूछताछ के बाद परिजनों ने फिंगेश्वर थाने में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लड़कियों की तलाश शुरू की।

सुनसान मकान में ले जाकर दुष्कर्म

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पर लड़कियों को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह उन्हें एक सुनसान मकान में ले गया और वहां अपने दोस्त डिगेश ध्रुव को भी बुलाया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंची और दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में मुख्य नाबालिग आरोपी और उसके साथी को पकड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पीड़िताओं को परिजनों के सुपुर्द किया

पुलिस ने दोनों लड़कियों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है। मुख्य आरोपी नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

विधायक रोहित साहू ने भेण्ड्री में किया शीतला मंदिर भवन का लोकार्पण, तरजुंगा में भी हुए शामिल

(सीजी टॉकिज) :- शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर ग्राम भेण्ड्री (जामगांव) में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच मां शीतला मंदिर भवन का लोकार्पण संपन्न हुआ। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद मंदिर भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम गिरिराज भगत (परेवाडीही वाले) के विशेष सानिध्य एवं आशीर्वाद में आयोजित हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल के साथ गांव की धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।

मंदिर भवन आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी केंद्र – रोहित साहू

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं को नवरात्र पर्व तथा मंदिर भवन के लोकार्पण की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि माता शीतला हमारी आस्था, संस्कृति और सुख-समृद्धि की प्रतीक हैं। गांव में मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र भी होता है। जब ग्रामीण एकजुट होकर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेते हैं, तो गांव में आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना मजबूत होती है।

विधायक रोहित साहू ने किया शीतला मंदिर भवन का लोकार्पणविधायक ने कहा कि राजिम क्षेत्र की जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्राम भेण्ड्री के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने की बात कही। साथ ही आयोजन समिति, ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों और समस्त ग्रामवासियों के प्रयासों की सराहना की।

अतिथियों का आत्मीय स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत मां शीतला की पूजा-अर्चना और आरती से हुई। ग्राम पंचायत भेण्ड्री की सरपंच श्रीमती सविता चुम्मन सिन्हा, उपसरपंच रमेश सिन्हा, पंचगण और ग्रामीणों ने विधायक रोहित साहू सहित अन्य अतिथियों का तिलक, पुष्पमाला और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। आयोजन में धार्मिक उत्साह के साथ ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

विधायक रोहित साहू ने किया शीतला मंदिर भवन का लोकार्पणसमारोह में जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि कोमल ढीढी, जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष सतीश यादव, भाजपा जिला गरियाबंद के मंत्री जगदीश यदु, भाजपा मंडल फिंगेश्वर की अध्यक्ष मंजूलता हरित, जिला सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, फणीकेश्वरनाथ महाविद्यालय फिंगेश्वर के अध्यक्ष राजू साहू, जनपद सदस्य चंपेश्वरी चोवा ध्रुव, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सियाराम ध्रुव, मंडल महामंत्री भुवनलाल साहू एवं प्रेमलाल टोडर तथा बूथ अध्यक्ष जगतराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा भेखलाल साहू, रोहन साहू, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच युधिष्ठिर साहू (रजकट्ठी), अरुण ध्रुव (लचकेरा), हुमनराजकुमार सिन्हा (बोरिद), योगेश्वरी दिनेश शुक्ला (खैरझिटी) और जीतू ज्योति रवि बघेल (गुण्डरदेही) सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

तरजुंगा में भी नवरात्र कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक

ग्राम भेण्ड्री में लोकार्पण कार्यक्रम के बाद विधायक रोहित साहू समीपस्थ ग्राम तरजुंगा में आयोजित शारदीय नवरात्र कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यहां ग्रामीणों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। विधायक ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता करते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

विधायक रोहित साहू ने किया शीतला मंदिर भवन का लोकार्पणदोनों गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में डॉ. गंगाराम साहू, हीरु डहरे, यशवंत साहू, दशरथ सिन्हा, मिंजुन साहू, नरोत्तम सिन्हा, कलिकुमार साहू, जगत साहू, घनश्याम अडावंशी, दाऊलाल सिन्हा, हेमू सिन्हा, उमराव सिन्हा, विनीत उपाध्याय, दोहन साहू, धान बाई साहू, प्रतिभा ध्रुव, कल्याणी साहू, योगेश्वरी साहू, पार्वती बांधे, मनीषा ध्रुव, दशोदा साहू, लछवंतिन यादव, गंगू साहू, ठाकुर राम यादव, चुम्मन यादव, भूरूराम ध्रुव, पिलाराम निषाद और जोहनराम बांधे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

फिंगेश्वर पुलिस की कार्रवाई: 40 दिन से लापता 12वीं की छात्रा बस्तर से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से 20 अगस्त से लापता कक्षा 12वीं की नाबालिग छात्रा को पुलिस ने करीब 40 दिन बाद बस्तर जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक यादव पर नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। छात्रा के लापता होने के बाद फिंगेश्वर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसके आधार पर पुलिस टीम बस्तर जिले पहुंची और छात्रा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बरामद नाबालिग छात्रा को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में नवप्रशिक्षु उप निरीक्षक हेमंत साहू एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिंगेश्वर पुलिस की इस कार्रवाई से करीब 40 दिनों से अपनी बेटी की तलाश कर रहे परिजनों को राहत मिली है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सेवा संकल्प अभियान: फिंगेश्वर में विकासखण्ड स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता, इंद्रजीत जांगड़े की टीम प्रथम

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के संग, राष्ट्र के संग’ थीम पर 7 अक्टूबर को फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय फिंगेश्वर में विकासखण्ड स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखण्ड के विभिन्न महाविद्यालयों, आईटीआई और विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का विषय भारत की जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक, विकसित भारत का सपना, राष्ट्र भावना और जन-जागरूकता रखा गया था।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर के संरक्षण एवं विकासखण्ड नोडल अधिकारी डॉ. देवादास बंजारे के निर्देशन में किया गया। सेवा संकल्प अभियान के नोडल प्रो. कमलेश्वर प्रसाद निषाद, रितेश गोलछा, तीरथ राम कपूर और डॉ. अलका कौशिक ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तीन टीमों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन

प्रतियोगिता में संस्था स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों ने विकासखण्ड स्तर पर सहभागिता की। फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय की गायत्री सिन्हा एवं उनकी टीम तथा भूगोल विभाग के स्नातकोत्तर छात्र इंद्रजीत जांगड़े एवं उनकी टीम ने हिस्सा लिया। वहीं शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम से देवनंदिनी साहू एवं उनकी टीम ने प्रतियोगिता में सहभागिता की।

प्रतियोगिता के लिए 17×17 फीट का आकार निर्धारित किया गया था। सुबह 11 बजे शुरू हुई प्रतियोगिता दोपहर 1 बजे संपन्न हुई। तीनों टीमों में कुल 32 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रंगोली के जरिए योजनाओं और छत्तीसगढ़ की विशेषताओं का संदेश

गायत्री सिन्हा एवं उनकी टीम ने रंगोली के माध्यम से भारत की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया। इंद्रजीत जांगड़े एवं उनकी टीम ने छत्तीसगढ़ के भौतिक संसाधनों, खनिज संपदा और फसलों को रंगोली में उकेरते हुए विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ के योगदान को दर्शाया। वहीं देवनंदिनी साहू की टीम ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश रंगोली के माध्यम से दिया।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीयता की भावना विकसित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को समाज तक पहुंचाना था। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक तरीके से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।

अतिथियों ने योजनाओं और विकसित भारत के लक्ष्य पर रखे विचार

रंगोली प्रतियोगिता के अवलोकन के लिए भाजपा जिला कार्यालय से नामांकित वरिष्ठ भाजपा नेता रामूराम साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष फिंगेश्वर मंजूलता हरित, मकसूदन साहू, भुनेश्वर साहू और अशोक साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामूराम साहू ने केंद्र सरकार की जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया, ऑपरेशन गंगा तथा कोविड-19 के दौरान भारत की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर उपस्थित विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘इनोवेशन चैलेंज’, ‘नमो सेवा गाथा’ और ‘रंगोली राष्ट्र’ जैसी गतिविधियों के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में विद्यार्थियों की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।

इंद्रजीत जांगड़े की टीम प्रथम

प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में रामूराम साहू, मकसूदन साहू, भुवनेश्वर साहू, मंजूलता हरित और अशोक साहू ने भूमिका निभाई। निर्णायकों ने थीम, रंग संयोजन, स्पष्टता, कलात्मकता, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता के आधार पर मूल्यांकन किया। इसमें इंद्रजीत जांगड़े एवं साथी की टीम ने प्रथम तथा गायत्री सिन्हा एवं साथी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन करने के साथ सामूहिक सहयोग की भावना का परिचय दिया।

357 विद्यार्थियों को मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न छत्तीसगढ़ी एवं देशी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए। अतिथियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने इनका आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार, महाविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के कुल 357 छात्र-छात्राएं कार्यक्रम से लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवादास बंजारे ने अतिथियों, स्टाफ सदस्यों, प्रतिभागियों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिमांशी, विनय और भूपेंद्र बने नगर स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के चैंपियन; खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- नगर की ऐतिहासिक क्रीड़ा संस्था समता क्लब फिंगेश्वर के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जूनियर बालिका वर्ग में हिमांशी यदु ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि अंशिका निर्मलकर उपविजेता रहीं।

जूनियर बालक वर्ग में विनय यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चिरंजीवी यदु ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में भूपेंद्र राजवंशी विजेता बने, जबकि अतीक वारसी उपविजेता रहे।

58 वर्षों से खेल प्रतिभाओं को दे रहा मंच

स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के संस्थापक घनश्याम यदु ने संस्थापक क्रीड़ा ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस दौरान नन्हे खिलाड़ियों ने भी अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने जमकर सराहना की। घनश्याम यदु ने संस्था के सभी संस्थापक सदस्यों को याद करते हुए समता क्लब से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी ने समता क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने लंबे समय से नगर के बच्चों और युवाओं को खेल के लिए बेहतर मंच प्रदान किया है। उन्होंने संस्था से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि समता क्लब ने अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने बच्चों से मोबाइल और अन्य गतिविधियों में समय बिताने के बजाय खेलों से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने और नगर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

संस्था के उपाध्यक्ष दूजलाल बंजारे ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि समता क्लब द्वारा वर्षों से खिलाड़ियों को निशुल्क खेल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने संस्था के संस्थापक घनश्याम यदु और उनके सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था के अध्यक्ष भागवत हरित ने भी सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में उत्तम राजवंशी, उमेश यदु, दिनेश श्रीवास, पुष्पेंद्र निषाद, लक्ष्य शर्मा, पीयूष यदु, राहुल शर्मा, शंभू यादव, जिज्ञासा शर्मा, भूमिका रावत, जानवी रावत, काव्य योगी, योगिता योगी, पद्माक्षी साहू, नमन श्रीवास सहित कई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

पुरस्कार वितरण समारोह में महेंद्र यदु, नोस राम साहू, सोहनलाल सेन, रवि दत्त मिश्रा, कमलेश यदु, पत्रकार योगेश ठाकुर, मनोज निर्मलकर और जयकुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश है सेवा संकल्प अभियान : विधायक रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, फिंगेश्वर में एकसेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाएं।

उन्होंने कहा कि आज के ये युवा ही कल के विकसित भारत और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माता हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के बच्चों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया नन्हें कलाकारों ने रंगों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सेवा भाव जैसे विषयों को कैनवास पर बेहद खूबसूरती से उकेरा। बच्चों की कल्पनाशीलता और कला ने सभी का मन मोह लिया।

भाषण प्रतियोगिता में वक्ता के रूप में उतरे छात्र-छात्राओं ने सामाजिक सरोकारों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सेवा के महत्व जैसे विषयों पर ओजस्वी और प्रभावशाली विचार रखे। बच्चों का आत्मविश्वास और संवाद शैली अत्यंत मनमोहक थी। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के द्वारा एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण कर उसकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों की पीठ थपथपाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, नंदनी ओंकार साहू जिला पंचायत सदस्य, चंद्रशेखर साहू महामंत्री जिला भाजपा,अध्यक्ष शाला प्रबंधन मनीष हरित,मंडल अध्यक्ष मंजू हरित, मंडल महामंत्री भुवन साहू,प्रेम टोडर,जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कोमल ढ़ीढ़ी, मिंजून साहू, दशरथ सिन्हा,अध्यक्ष फनीकेश्वर नाथ महाविद्यालय राजू साहू,अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तम राजवंशी,संतोषी श्रीवास्तव, लक्ष्मी श्रीवास्तव, वीणा निषाद,भुनेश्वरी साहू,खिलेशवरी साहू, मेवा राम,उमराव, यशवंत, दाऊ लाल, अरुण सिन्हा, नीलम साहू बीईओ हेमंत साहू, बीआरसीसी सुभाष शर्मा, एबीईओ अनिल ध्रुव, देवेंद्र सिंह, प्राचार्य सोहन सेन,नरेश साहू, रामनारायण मिश्रा, अलोक शर्मा,वर्षा नेताम मिनाक्षी शर्मा शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सेवानिवृत्त होने वाले दो स्वास्थ्यकर्मियों को कलेक्टर ने सौंपा पीपीओ आदेश, शाल-श्रीफल से किया सम्मानित

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक समर्पित भाव से सेवाएं देने वाले दो कर्मचारियों के लिए 29 सितंबर का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा। 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले लेखराम वर्मा, पर्यवेक्षक, सेक्टर फिंगेश्वर और दौवा राम चक्रधारी, एनएमए, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा को कलेक्टर के करकमलों से पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) प्रदान किया गया। इस अवसर पर दोनों कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्ति से पहले मिला पीपीओ आदेश

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने ने बताया कि जिला गरियाबंद में स्वास्थ्य विभाग के लिए यह अवसर विशेष रहा। दोनों कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्ति से पहले पीपीओ आदेश प्रदान करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दी सुखमय जीवन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक एवं खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों का अनुभव और सेवाभाव विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

सभी ने लेखराम वर्मा और दौवा राम चक्रधारी के स्वस्थ, दीर्घायु, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

फिंगेश्वर जनपद पंचायत में सेवा सेतु शिविर, विधायक रोहित साहू हुए शामिल

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुरूप और सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत फिंगेश्वर के सभागार में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान राजिम विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मंच से ही त्वरित कार्रवाई करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए गए।

विधायक श्री साहू ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर जनता और शासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं। हमारा प्रमुख उद्देश्य यह है कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों या सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन खुद चलकर उनके द्वार तक पहुंचे।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। सेवा सेतु शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। अंत में विधायक रोहित साहू ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित के कार्यों में पूरी निष्ठा से जुट जाएं।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि राजिम विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और यहाँ की जनता के कल्याण के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं। इस कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने फिंगेश्वर ब्लॉक में चार नवीन राशन दुकान खोलने के लिए आदेश दिए जिसमें ग्राम तर्रा, किरवई, बासीन, लचकेरा के आश्रित ग्राम खपरी शामिल हैं।

इसके साथ ही ग्राम पंचायत बिजली के प्रतिनिधियों को मांग पर नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की बात कही और जहां जहां भी धान खरीदी केंद्र खोलने की आवश्यकता है वहां आगामी सत्र में खरीदी केंद्र प्रारंभ करने पर जोर दिया।

जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि फिंगेश्वर जनपद क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए पंचायत स्तर पर इस तरह के आयोजन बेहद कारगर साबित हो रहे हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी लें और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

कार्यक्रम में विशेष रूप से जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी, पूर्व अध्यक्ष जगदीश यदु,पूर्व जिला पंचायत सभापति मधुबाला रात्रे, भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजूलता हरित, जनपद सदस्यगण मंजू साहू, आशीष पाण्डेय,उमा साहू, रामेश्वरी,पूर्व जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा मिंजून साहू, महामंत्री प्रेम टोडर, भुवन साहू, दशरथ सिन्हा, फनीकेश्वर नाथ महाविद्यालय अध्यक्ष राजू साहू, संतोषी श्रीवास्तव, लक्ष्मी श्रीवास्तव, शांति कोसरे, पदमा यदु,भुनेश्वरी साहू राधेश्याम साहू, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सियाराम ध्रुव, ओमप्रकाश साहू, वैभव नतथानी,होरी साहू,खादय अधिकारी जन्मजाय नायक,सोनाली ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सिर्रीखुर्द सरपंच देवेंद्र वर्मा ने किया।

ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मनाया गया प्रधानमंत्री का जन्मदिन, सफाई अभियान व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

(सीजी टॉकिज)राजिम :- ग्राम बासीन स्थित ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन पूरे उत्साह और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। दो दिनों तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर में दीपक जलाकर उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। इसके पश्चात बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर एक वृहद सफाई कार्यक्रम (स्वच्छता अभियान) चलाया, जिसमें सभी ने श्रमदान करके आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने का सकारात्मक संदेश दिया।

18 सितंबर को विद्यालय में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने खुले प्रांगण में बैठकर अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने देश हित और सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, वहीं चित्रकला में सुंदर चित्र उकेर कर सबका मन मोह लिया।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने बच्चों की इस सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की और उन्हें देश प्रेम, स्वच्छता और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक, स्टाफ और छोटे-बड़े विद्यार्थी भारी संख्या में उपस्थित थे।