CGTalkies

CGTalkies News

महानदी में डूबे युवक का 15 घंटे बाद मिला शव, दो बच्चों को बचाने के दौरान गई थी जान

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- शनिवार दोपहर महानदी में दो मासूम बच्चों को बचाने के दौरान डूबे युवक का शव करीब 15 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में शव तैरता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोबरा नवापारा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रदीप कश्यप

प्रदीप कश्यप

जानकारी के अनुसार नवापारा इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरे युवक ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में वह गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

महानदी में डूबा युवक

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई घंटे तक मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शनिवार देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही लोगों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई तथा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस दर्दनाक घटना से पूरे गोबरा नवापारा शहर में शोक की लहर है। प्रदीप कश्यप की बहादुरी की हर ओर चर्चा हो रही है। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। दोनों बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें बचाने वाला युवक खुद महानदी की तेज धाराओं का शिकार हो गया।

महानदी में नहाने के दौरान युवक लापता, पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे

(सीजी टॉकीज) नवापारा-राजिम:- नवापारा में शनिवार दोपहर महानदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए नदी में कूदे एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत की आशंका है। यह पूरी घटना उसकी पत्नी की आंखों के सामने हुई। देखते ही देखते युवक नदी की लहरों में समा गया। घटना के बाद नेहरू घाट पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

महानदी में डूबा युवकजानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2.45 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट के पास नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घाट पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो अन्य मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े। दोनों ने जान जोखिम में डालकर बच्चों तक पहुंचने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरे युवक ने किसी तरह दोनों बच्चों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में वे गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

घटना के बाद पत्नी मंगला कश्यप बदहवास हो गईं। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक प्रदीप गहराई में डूब चुका था। घटना के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी, लेकिन प्रदीप का कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा

महानदी में डूबा युवकघटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ को सूचना दी गई। करीब शाम 4 बजे एसडीआरएफ की टीम विशेष उपकरणों, ऑक्सीजन मास्क और मोटर बोट के साथ मौके पर पहुंची और सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे तक टीम ने नदी के कई हिस्सों में गहन खोजबीन की। गोताखोरों ने गहरे पानी में उतरकर तलाशी ली और बोट के जरिए बहाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा और तेज बहाव बना बाधा

शाम ढलने के साथ नदी में बढ़ते अंधेरे और जल प्रवाह के कारण एसडीआरएफ को रेस्क्यू अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह फिर से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और युवक की तलाश जारी रहेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष पहुंचीं, परिवार को बंधाया ढांढस

महानदी में डूबा युवकघटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू भी नेहरू घाट पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नगरवासी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

फिंगेश्वर में सरपंच संघ की बैठक संपन्न, विधायक रोहित साहू ने सुनी पंचायतों की समस्याएं; सरपंच सदन के जीर्णाेद्धार की घोषणा

(सीजी टॉकिज) राजिम :- फिंगेश्वर के स्थानीय विश्राम गृह में मंगलवार को विकासखंड सरपंच संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू भी उपस्थित रहीं। बैठक में विकासखंड की ग्राम पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान सरपंचों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास संबंधी सुझावों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक रोहित साहू ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उनकी प्राथमिकताओं और जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

विधायक ने ग्रामीण विकास में सरपंचों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गांवों का विकास ही विधानसभा और प्रदेश के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने कहा मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत भी सरपंच पद से हुई है और मैं स्वयं सरपंच संघ का अध्यक्ष रह चुका हूं। इसलिए सरपंचों की व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों को भलीभांति समझता हूं। शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में सरपंचों की भूमिका सबसे अहम होती है।

बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों और शासकीय विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों की गति बढ़ाने का संकल्प लिया गया। पेयजल, सड़क, बिजली और स्वच्छता जैसे बुनियादी मुद्दों के त्वरित समाधान पर भी विशेष चर्चा हुई।

बैठक में सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू ने विकासखंड की पंचायतों की समस्याओं और मांगों को विधायक के समक्ष रखा। इस पर विधायक रोहित साहू ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन देते हुए सरपंच संघ की मांग पर ब्लॉक मुख्यालय फिंगेश्वर स्थित सरपंच सदन के जीर्णाेद्धार की घोषणा की। उन्होंने बताया कि भवन में कुर्सी, टेबल, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे सरपंचों को बैठक एवं अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

बैठक में सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, महिला उपाध्यक्ष राधिका यादव एवं अमिता यादव, पुरुष उपाध्यक्ष सूरदेव साहू एवं दुलीचंद ओंडे, सचिव तामेश्वर पटेल, कोषाध्यक्ष डिगेश्वर साहू, मीडिया प्रभारी थानेश्वर साहू एवं देवेंद्र वर्मा सहित संघ के पदाधिकारी, संरक्षक, सलाहकार और विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

गरियाबंद नेशनल हाईवे की सड़क धंसी, विभागीय लापरवाही ने बढ़ाया बड़े हादसे का खतरा, पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- मानसून की पहली तेज बारिश ने गरियाबंद जिले के नेशनल हाईवे पर हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। जिले के ग्राम श्यामनगर में पेट्रोल पंप के समीप नेशनल हाईवे की सड़क और उससे लगी नाली का बड़ा हिस्सा धंस गया है। लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे तेज कटाव हो रहा है, जिससे हाईवे पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां दिन-रात भारी ट्रकों, बसों और छोटे वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन अब तक न तो क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू हुई है और न ही सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो यह क्षतिग्रस्त सड़क किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क और नाली का निर्माण हाल के वर्षों में किया गया था, लेकिन निर्माण के दौरान गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। पहली ही तेज बारिश में सड़क का किनारा धंसने लगा और नाली भी क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि पहली बारिश में ही सड़क जवाब दे दे, तो यह संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि यदि निर्माण सही तरीके से किया गया होता और समय-समय पर रखरखाव होता, तो सड़क की यह स्थिति नहीं बनती। ग्रामीणों ने पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दिन-रात गुजरते हैं भारी वाहन

यह नेशनल हाईवे क्षेत्रीय यातायात की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक, बसें, यात्री वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क का किनारा धंस जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। विशेषकर रात के समय या तेज बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कोई भारी वाहन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की ओर चला गया तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

क्षतिग्रस्त सड़क के बावजूद मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो प्रभावी बैरिकेडिंग की गई है और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेत लगाए गए हैं।

भारी बारिश व रेड अलर्ट के बीच विधायक रोहित साहू ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

गरियाबंद जिले में विगत दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश एवं मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं तथा अनेक स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल की हानि का कारण बन सकती है।

कलेक्टर से बाढ़ प्रभावित गांवों की स्थिति की ली जानकारी

विधायक रोहित साहू ने बताया कि उन्होंने दूरभाष के माध्यम से गरियाबंद कलेक्टर से चर्चा कर जिले में भारी वर्षा की स्थिति, बाढ़ प्रभावित गांवों, राहत एवं बचाव की तैयारियों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी विद्यालयों के संबंध में आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आमजन अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। विशेषकर नदी-नालों, पुल-पुलियों, डूबान क्षेत्रों एवं जलभराव वाले स्थानों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। किसी भी स्थिति में उफनते नदी-नालों या पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें, क्योंकि तेज बहाव के कारण गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से रोकने की अपील की।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने एवं विद्युत तार क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विषम परिस्थितियों में लगातार विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के बीच भी कर्मचारी पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि टूटे हुए विद्युत तारों, झुके हुए बिजली के खंभों अथवा विद्युत लाइन के संपर्क में आने का प्रयास न करें तथा ऐसी किसी भी स्थिति की तत्काल विद्युत विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। राहत एवं बचाव दलों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।

अंत में विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों से संयम एवं सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। सभी नागरिक सतर्क रहें, सुरक्षित रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। सभी के सहयोग और जागरूकता से संभावित जन-धन की हानि को रोका जा सकता है।

बारिश बनी काल: खेलते-खेलते घुरवा में डूबने दो भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा से रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पानी से लबालब भरे घुरवा में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना पांडुका थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश थमने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे घर से लगे घुरवा गड्ढे के पास पहुंच गए। आशंका है कि फिसलकर दोनों करीब 10 से 12 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके।

काफी देर तक नहीं दिखे बच्चे, परिजनों ने शुरू की तलाश

जब काफी समय तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों का पता घर से सटे घुरवा गड्ढे में चला। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में खुले और गहरे घुरवा गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की गई है।

यात्री बस ने मोपेड सवार महिला को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत, एक घायल

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- गरियाबंद-छुरा मार्ग पर यात्री बस ने मोपेड सवार को कुचला दिया। हादसा इतना भीषण था कि एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोपेड चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बागबाहरा क्षेत्र के भीखापाली निवासी महिला और एक पुरुष मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गरियाबंद से खड़मा की ओर जा रही मां ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल पुरुष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दो दिन में दूसरी मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग पर दो दिन पहले भी कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। लगातार दूसरी जान जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक तथा अन्य सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

राजिम में घर के सामने मिली युवक की लाश, शरीर पर लोहे की रॉड के वार के निशान; हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम पितईबंद में शनिवार तड़के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। युवक का शव उसके ही घर के सामने मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतक के शरीर पर लोहे की रॉड जैसे किसी भारी हथियार से वार किए जाने के निशान दिखाई देने के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है।

मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में तत्काल राजिम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या युवक की हत्या कहीं और की गई और शव घर के सामने लाकर फेंका गया, या गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह अपने घर तक पहुंचा?

सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए रवाना हो चुकी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण और हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

20 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, कोपरा नगर पंचायत में सैकड़ों ग्रामीणों संग किया घेराव

सीएमओ पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप, पीएम आवास से लेकर पेयजल-सफाई तक उठाए सवाल; पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- गरियाबंद जिले अंतर्गत नगर पंचायत कोपरा में शुक्रवार को कांग्रेस ने जनसमस्याओं को लेकर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएमओ पर मनमानी, प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके चलते कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रदर्शन से पहले कांग्रेस के नेतृत्व में आमसभा आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय नेताओं ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सभा के बाद सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं और ग्रामीण रैली निकालते हुए नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया।

20 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के नाम नगर पंचायत प्रशासन को 20 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का भुगतान, विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच, पेयजल व्यवस्था में सुधार, नियमित सफाई, टैक्स वसूली में पारदर्शिता, प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति सहित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई।

घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘‘भाजपा सरकार मुर्दाबाद’’, ‘‘नगर पंचायत सीएमओ मुर्दाबाद’’ और ‘‘सीएमओ जवाब दो’’ जैसे नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि स्थिति को देखते हुए पहले से तैनात पुलिस बल ने हालात को संभाल लिया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में आम जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है और विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, स्थानीय ग्रामीण, महिला कार्यकर्ता और कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे, जिससे नगर पंचायत परिसर लंबे समय तक आंदोलन का केंद्र बना रहा।

यात्री बस ने बाइक सवार को कुचला, युवक की दर्दनाक मौत, भेजा हुआ बाहर; दो लोग घायल

फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम परसट्ठी में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार युवकों को बुरी तरह से कुचल दिया, जिससे एक युवक की मौके पर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बस का पहिया युवक के ऊपर से गुजर गया और बुरी तरह कुचल जाने से शरीर के चिथड़े हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया। 

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के मेहंदी गांव निवासी छह युवक दो बाइकों पर सवार होकर जतमई घूमने जा रहे थे। दोपहर के समय जैसे ही वे फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम परसट्ठी के पास पहुंचे, तभी छुरा से राजिम की ओर आ रही अमन यात्री बस ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा युवक सड़क पर गिर पड़ा और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।

एक की मौके पर मौत, दो साथी गंभीर

हादसे में मेहंदी (जांजगीर-चांपा) निवासी राहुल साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि युवक के शरीर के चिथड़े उड़ गए और सिर बुरी तरह कुचल गया। बाइक पर पीछे बैठे बिट्टू और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने फरार बस और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।