CGTalkies

CGTalkies News

नवापारा में सुशासन तिहार में सांसद बृजमोहन के सख्त तेवरः 7 दिन में समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगी कार्रवाई; अनुपस्थित रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश, नवापारा को मिली करोड़ों की विकास सौगात

सुशासन तिहार के तहत गोबरा-नवापारा में आयोजित समाधान शिविर में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सख्त तेवर देखने को मिले। जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण हर हाल में सात दिनों के भीतर किया जाए। निर्धारित समय सीमा में कार्य नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में उमड़े जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के द्वार पर पहुंचकर अपनी परीक्षा दे रही है। ऐसे में जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अनुपस्थित रेंजर पर भड़के सांसद

शिविर के दौरान कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग द्वारा आपत्ति लगाने तथा संबंधित रेंजर की अनुपस्थिति का मामला सामने आया। इस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल नोटिस जारी करने तथा कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब जनसमस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं, तब जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही है।

स्कूल की जमीन पर कब्जे के मामले में अधिकारियों को फटकार

हरिहर हाई स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जा तथा नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि का वर्षों से लंबित हस्तांतरण का मामला सामने आने पर सांसद ने मंच पर ही पटवारी, आरआई और तहसीलदार को तलब कर लिया। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। सांसद ने तीन दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने और सात दिनों में जमीन विद्यालय के नाम दर्ज करने के निर्देश दिए।

कॉलेज में पेयजल संकट पर पीएचई विभाग को लगाई फटकार

श्री कुलेश्वरनाथ महाविद्यालय में पेयजल संकट की शिकायत सामने आने पर सांसद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर विषय है और इसका त्वरित समाधान किया जाना चाहिए।

नवापारा को मिली विकास की बड़ी सौगात

सुशासन तिहार के मंच से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नवापारा नगर पालिका के नए भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु सांसद निधि से 10 लाख रुपए की घोषणा। महावीर बजरंग अखाड़ा के लिए खेल सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं हेतु 5 लाख रुपये की सहायता। कन्या शाला में पेयजल संकट दूर करने के लिए सात दिनों के भीतर नया बोर और पंप स्थापित करने के निर्देश।

शिविर में पहुंचते ही सांसद ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आवेदक को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

सांसद ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, राजस्व, पेंशन और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना है। सुशासन तिहार इसी सोच का परिणाम है, जहां प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है।

विकास के नए आयाम गढ़ेगी सरकार: विधायक इंद्र साहू

अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं और आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं लाई जाएंगी।

पूर्ववर्ती सरकार की नीतियों से बढ़ी समस्याएं – ओमकुमारी साहू

नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने कहा कि गोबरा-नवापारा में पेयजल एवं गंदे पानी की समस्या पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय किए गए अधूरे और अव्यवस्थित कार्यों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने नगर विकास को नई गति देते हुए लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से नवीन नगर पालिका भवन का भूमिपूजन कराया है, जिससे नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक बजाज, पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, नपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

सुशासन तिहार में कांग्रेस का प्रदर्शनः मटकी फोड़कर जताया विरोध, भाजपा सरकार के खिलाफ लगे नारे

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेसियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और खाली मटकियां लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों और कुछ महिलाओं ने विरोध में शिविर पर खाली मटकी फोड़कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर में पेयजल संकट, वृद्धावस्था पेंशन वितरण में देरी, किसानों को खाद की समस्या, लगातार बिजली कटौती और अवैध कारोबार जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन और सरकार ध्यान नहीं दे रही है। प्रदर्शन के दौरान ‘‘जनता को मूलभूत सुविधाएं दो’’, ‘‘पानी दो, जवाब दो’’ और ’’बिजली-पानी-खाद की समस्या दूर करो’’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिविर स्थल तक पहुंच गए। अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से कार्यक्रम में कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने खाली मटकियां लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कई महिलाओं ने आयोजन स्थल पर ही मटकी फोड़कर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। प्रदर्शनकारियों को शिविर स्थल से हटाने का प्रयास किया गया, जिसके चलते कुछ देर तक बहस और नारेबाजी का दौर चलता रहा। हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं पर ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक विरोध जारी रहेगा। बाद में अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर उनकी मांगों और शिकायतों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें

  1. नगर के सभी वार्डों में पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  2. किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए।
  3. पिछले 6 माह से लंबित निराश्रित पेंशन एवं अन्य सामाजिक पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जाए।
  4. नगर में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  5. आबादी भूमि पट्टा धारकों को प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जाए।
  6. नगर में मुर्गा-मटन मार्केट के लिए निर्धारित स्थान चिन्हांकित कर व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जाए।

गाय के साथ अमानवीय कृत्य, कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित हिंदू संगठन ने थाने में सौंपा ज्ञापन

 (सीजी टॉकिज) :-रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में गाय के साथ अमानवीय कृत्य मामला सामने आया है। घटना के बाद हिंदू संगठनों एवं गौभक्तों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले को गंभीर बताते हुए विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 की रात लगभग 1 बजे गोबरा नवापारा स्थित काली मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। आरोप है कि फुटेज में दिखाई दे रही हरकतें गौवंश के प्रति क्रूरता और अमानवीय व्यवहार हैं। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष फैल गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि गौवंश भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में गौवंश के साथ किसी भी प्रकार का क्रूर और आपत्तिजनक व्यवहार न केवल पशु क्रूरता का मामला है, बल्कि समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को भी आहत करने वाला कृत्य है।

हिंदू संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की शीघ्र पहचान कर उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच करने और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में कैद संदिग्ध युवक की पहचान की जा रही है।

महिष ढाबा पर पुलिस की रेड: अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, लल्ला सोनवानी समेत 5 गिरफ्तार, शहर में निकाला जुलूस

25 हजार से अधिक नकदी, दर्जनों शराब की बोतलें, चाकू और मोबाइल जब्त

 (सीजी टॉकिज) :- रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कुर्रा स्थित महिष ढाबा पर छापेमारी कर अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई में ढाबा संचालक टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब, नगदी, धारदार चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र में स्थित महिष ढाबा में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, एसडीओपी नवा रायपुर, थाना गोबरा नवापारा और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम गठित कर दबिश दी गई।

रेड के दौरान पुलिस ने पाया कि ढाबा संचालक टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी और उसके सहयोगी ग्राहकों को अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। इतना ही नहीं, शराब पीने के लिए बैठने और सेवन करने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही थीं। तलाशी के दौरान पुलिस ने 44 अध्धी देशी मसाला शराब, 1 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 25,060 रुपये नकद, एक धारदार बटनदार चाकू तथा घटना से जुड़े 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालक से शराब बिक्री और बरामद हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोप है कि उसने कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास भी किया।

दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपियों टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी (30 वर्ष), भरत डहरिया (20 वर्ष), विक्की कुर्रे (30 वर्ष), धीरज बघेल (26 वर्ष), अजय साहू (48 वर्ष) के विरुद्ध धारा 34(2), 36(क) आबकारी अधिनियम, 25 आर्म्स एक्ट तथा 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

आरोपियों का निकाला गया जुलूस

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपियों का नगर में जुलूस निकालकर कानून का संदेश दिया। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को सार्वजनिक रूप से घुमाया गया, जिससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

थाना प्रभारी भी निलंबित

छापेमारी के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जारी आदेश के अनुसार कार्रवाई के दौरान निरीक्षक जायसवाल को मुख्य आरोपी टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी के साथ एकांत में बातचीत करते देखा गया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए उनके आचरण को संदेहास्पद माना गया।

साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने को भी निलंबन का आधार बनाया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले की जांच जारी है।

नवापारा में ‘लल्ला कनेक्शन’ पर गिरी गाज! थाना प्रभारी निलंबित, अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नवापारा में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध शराब कारोबार के बीच शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहने और कार्रवाई के दौरान संदिग्ध आचरण प्रदर्शित करने के आरोप में गोबरा नवापारा थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिंह द्वारा आदेश जारी किया गया है।

आदेश के अनुसार, गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। थाना प्रभारी को इस पर सख्त नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध कारोबार जारी रहा। मामला तब और गंभीर हो गया जब 29 मई की देर रात एसीसीयू रायपुर की देहात टीम ने नवापारा के चर्चित अवैध शराब कारोबारी लल्ला सोनवानी के ठिकाने पर दबिश देकर अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया।

आरोपी से एकांत में बातचीत ने बढ़ाया संदेह

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कार्रवाई के दौरान उन्हें आरोपी लल्ला सोनवानी के साथ एकांत में बातचीत करते हुए पाया गया। पुलिस विभाग ने इसे संदिग्ध और अनुशासनहीन आचरण माना। आदेश में उल्लेख है कि थाना प्रभारी ने अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण स्थापित करने में असफलता दिखाई और मौके पर उनका व्यवहार भी संदेहास्पद पाया गया। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से संबद्ध कर दिया गया।

कौन है लल्ला सोनवानी?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लल्ला सोनवानी गोबरा नवापारा के पार्षद सभापति केकती सोनवानी का बेटा है। लल्ला का नाम लंबे समय से अवैध शराब कारोबार से जुड़ता रहा है। उसके खिलाफ कई शिकायतें पुलिस अधिकारियों तक पहुंच चुकी थीं। क्षेत्र में वह एक सक्रिय बदमाश के रूप में भी चर्चित रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से संदेश जरूर गया है, लेकिन अवैध कारोबार के कथित संरक्षकों और मुख्य संचालकों तक कार्रवाई पहुंचे बिना समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। अब प्रशासन को अवैध शराब, गांजा और सट्टे के पूरे नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।

नवापारा में तटबंध निर्माण में दर्दनाक हादसा: 16 वर्षीय नाबालिग मौत, ठेकेदार और एजेंसी पर लापरवाही का आरोप

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के नवापारा थाना क्षेत्र में महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच का है। मृतक की पहचान हर्ष साहू (16 वर्ष) निवासी ग्राम खुरसेंगा, थाना कुरूद जिला धमतरी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हर्ष तटबंध निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार सुबह काम के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर गोबरा नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य में आखिर एक नाबालिग मजदूर कैसे काम कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का भारी अभाव था। ग्रामीणों के मुताबिक, मजदूरों के लिए न तो पर्याप्त पीने के पानी की व्यवस्था थी, न प्राथमिक उपचार की सुविधा और न ही सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे।

आरोप है कि काम जल्दी पूरा करने के दबाव में मजदूरों को भीषण गर्मी में लगातार काम कराया जा रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नवापारा में अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक की चोरी, एक महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। आरोपी चोरी की बाइक को छिपाकर रखता था और बीच-बीच में उसका इस्तेमाल भी कर रहा था।

जानकारी के अनुसार ग्राम परसट्ठी निवासी योगेश्वर साहू (27 वर्ष) ने नवापारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें प्रार्थी ने बताया कि वह 21 अप्रैल 2026 की रात करीब 8.30 बजे अपने पिता का इलाज कराने संजीवनी अस्पताल नवापारा आया था। उसने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एलजी 3920 अस्पताल के सामने खड़ी की थी। इलाज के बाद बाहर निकलने पर बाइक वहां से गायब मिली। किसी अज्ञात चोर ने मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी।

शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 21 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक यादव नाम का युवक एक संदिग्ध मोटरसाइकिल छिपाकर रखा है और बीच-बीच में उसे चला रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स बाइक बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

नवापारा बिजली ऑफिस में चोरों का धावा: लाखों के सुरक्षा उपकरण पार, विभाग में मचा हड़ंकप

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा क्षेत्र में पारागांव स्थित बिजली विभाग के उपसंभाग कार्यालय में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों के विद्युत उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर खिड़की के रास्ते कार्यालय के भीतर घुसे और कॉपर पट्टी, कॉपर वायर सहित बड़ी मात्रा में विद्युत सामग्री चोरी कर फरार हो गए। मामले में थाना गोबरा नवापारा में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार पारागांव स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री धर्मेंद्र साहू ने नवापारा थाने चोरी की शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि अज्ञात चोर कार्यालय के पीछे लगे एग्जॉस्ट फैन वाली खिड़की के रास्ते अंदर घुसे थे। इसके बाद चोरों ने कार्यालय में रखे विद्युत सुरक्षा उपकरणों जिसमें 08 नग डिस्चार्ज रॉड में लगे कॉपर पट्टी और कॉपर वायर, 50 नग किट-कैट फ्यूज सेट, 325 नग लग्स, 17 नग मेल-फीमेल कांटेक्ट तथा करीब 7 किलोग्राम फ्यूज वायर चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। सरकारी कार्यालय में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोबरा नवापारा में अवैध उत्खनन और भंडारण पर खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 2 पोकलेन जब्त, कई भंडारणकर्ताओं को नोटिस जारी

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार पर खनिज विभाग ने बड़ा प्रहार करते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने 18 और 19 मई को गोबरा नवापारा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें अवैध उत्खनन और बिना अनुमति रेत भंडारण के कई मामलों का खुलासा हुआ।

खनिज विभाग की कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान ग्राम लखना स्थित रेत खदान में स्वीकृत क्षेत्र के बाहर और पर्यावरणीय नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए भारी मशीनों से रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। मौके पर दो चेन माउंटेड पोकलेन मशीनें अवैध उत्खनन में लगी मिलीं।

सहायक खनिज अधिकारी, खनि निरीक्षक और विभागीय अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पोकलेन मशीनों को मौके पर ही जब्त कर सीलबंद कर दिया। साथ ही अवैध उत्खनन का कार्य तत्काल बंद करा दिया गया।

उप संचालक खनिज राजेश मालवे ने बताया कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बिना अनुमति रेत डंप करने वालों पर भी शिकंजा

कार्रवाई के दौरान तहसील गोबरा नवापारा के ग्राम नवागांव, जौंदा, जौंदी और डगनिया में भी अवैध रेत भंडारण के मामले सामने आए। जांच में पाया गया कि महानदी से रेत लाकर कई लोगों द्वारा बिना वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण किया गया था।

खनिज विभाग ने अनिल कुमार साहू, गोविंद साहू, ईश्वर पटेल, प्रताप सेन, त्रिलोकी साहू, अजय साहू और मनीष ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा पूरी रेत जब्त कर ली है। साथ ही सभी संबंधित भंडारणकर्ताओं को छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

युवक पर चाकू से हमला कर लूटपाट, बदमाशों ने नवापारा में की शराब पार्टी, तीन आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को नवापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे और बाद में गोबरा नवापारा स्थित शराब भट्टी के पास बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान नवापारा पुलिस की नजर उन पर पड़ी और पूरी वारदात का खुलासा हो गया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मोखला चंद्रप्रकाश डहरिया अपने 5 वर्षीय बेटे के साथ 15 मई 2026 की सुबह बाइक से ससुराल ग्राम तूता गया था। दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी सोनपैरी भांठा के नहर पार मोखला मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया।

बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था। बदमाशों ने पहले युवक को घेरा और फिर पीछे बैठे आरोपी ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी 2 हजार रुपए नकद और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चंद्रप्रकाश को निजी अस्पताल आरंग में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

इधर, थाना गोबरा नवापारा प्रभारी दीपेश जायसवाल के नेतृत्व में संध्या पेट्रोलिंग के दौरान नवापारा शराब भट्टी के आसपास तीन युवक शराब पीते मिले। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से संदिग्ध सामान बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने आरंग क्षेत्र में लूट और चाकूबाजी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी मुकेश नागरची उर्फ कुमकुम (20) निवासी शीतलापारा नयापारा, कुलेश्वर ध्रुव (22) निवासी भाठापारा पारागांव थाना गोबरा नवापारा तथा एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, लूटी गई नकदी और मोबाइल बरामद कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को 17 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।