CGTalkies

CGTalkies News

संवाद से सुलझा विवाद: पटवारी संघ ने खत्म किया विरोध, जनता के काम में नहीं आएगी रुकावट

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में सुशासन तिहार के दौरान उत्पन्न हुए विवाद के बाद राजस्व पटवारी संघ और राजिम विधायक रोहित साहू के बीच सौहार्दपूर्ण चर्चा के बाद मामला शांत हो गया है। पटवारी संघ ने बहिष्कार समाप्त करते हुए भविष्य में बेहतर समन्वय और संवाद के साथ कार्य करने की सहमति जताई है।

जानकारी के अनुसार, शिविर के दौरान हुई एक टिप्पणी को लेकर पटवारी संघ में नाराजगी उत्पन्न हो गई थी, जिसके विरोध स्वरूप संघ ने शिविर का बहिष्कार कर दिया था। मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई थी। विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए विधायक रोहित साहू ने मीडिया के माध्यम से खेद व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी या कर्मचारी का अपमान करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना है। विधायक की इस पहल के बाद राजस्व पटवारी संघ जिला गरियाबंद का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने पहुंचा।

बैठक के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त हल्कों का भार, सीमित संसाधनों में कार्य करने की कठिनाइयों और ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व कार्यों के दबाव जैसी समस्याओं को विस्तार से रखा। विधायक ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राजस्व विभाग शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है तथा पटवारियों की भूमिका ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यंत अहम है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद सबसे प्रभावी माध्यम है और किसी भी गलतफहमी को बातचीत के जरिए दूर किया जा सकता है। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की। बैठक के बाद पटवारी संघ ने बहिष्कार समाप्त करने की घोषणा की और कहा कि शासन की योजनाओं तथा राजस्व संबंधी कार्यों को आम जनता तक सुचारु रूप से पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुलाकात के दौरान राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष गुलशन यदु, उपाध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी, सचिव लव कुमार साहू, तहसील अध्यक्ष नरेंद्र साहू, अभिषेक चतुर्वेदी, मनीष पारकर, झामन यादव एवं राजेश माण्डले सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

जंगल में मिला प्रेमी जोड़े का कंकाल, छह साल से थे लापता, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) :- सरगुजा जिले अंतर्गत धौरपुर थाना क्षेत्र के जंगल में दो कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कंकाल युवक-युवती के होने की आशंका जताई जा रही है, जो वर्ष 2020 से लापता थे। प्रेमी जोड़े की पहचान विनोद कोरवा और ज्योति कुमारी के रूप में होने की आशंका हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण शनिवार को जंगल में चूहा मारने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों और मिट्टी के बीच उन्हें मानव कंकाल दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तत्काल गांव लौटकर पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से युवती की फ्रॉक, युवक का हाफ पैंट, चप्पल और अन्य सामान बरामद हुआ। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने दोनों की पहचान ग्राम जमोनी निवासी 19 वर्षीय विनोद कोरवा और 17 वर्षीय ज्योति गोंड़ के रूप में की।

परिजनों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। दोनों फरवरी 2020 में अचानक लापता हो गए थे। पुलिस के अनुसार दोनों कंकाल जंगल के नाले के पास मिट्टी में दबे मिले हैं। आशंका है कि शवों को दफनाया गया था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इलाके में जंगली सूअरों के शिकार के लिए करंट वाले तार लगाए जाते हैं। संभावना जताई जा रही है कि दोनों उसकी चपेट में आए हों। 

धौरपुर थाना प्रभारी आरसी चंद्रा ने बताया कि मामले में डीएनए टेस्ट और फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। हत्या, हादसा और ऑनर किलिंग समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

देवभोग में तंबाकू पर बड़ी कार्रवाई, 68 चालान काटकर वसूला जुर्माना

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखण्ड में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीम ने तंबाकू नियंत्रण को लेकर सघन अभियान चलाया। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों के पास तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर की गई जांच में कोटपा एक्ट-2003 (सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम 2003) के तहत कुल 68 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई करते हुए 3 हजार का जुर्माना वसूल किया गया।

कार्यवाही के दौरान औषधि निरीक्षक धरमवीर सिंह धु्रव ने स्कूलों के 100 गज दायरे में तंबाकू उत्पाद की बिक्री पर रोक, नाबालिगों को तंबाकू न बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंध के संबंध में संचालकों को निर्देश दिए। दुकानदारों को माचिस, लाइटर, ऐश ट्रे या कोई भी ऐसा सामान जो धूम्रपान को प्रोत्साहित करता है, उसे काउंटर पर उपलब्ध न कराएं। साथ ही धूम्रपान निषेध संबंधी बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा।

इस दौरान रोशनी राजपूत ने किराना दुकानों, होटलों एवं फल दुकानों का निरीक्षण किया तथा होटलों में खाद्य सामग्री के लिए अखबार का उपयोग बंद करने के निर्देश दिए। इसी दौरान औषधि निरीक्षक धु्रव द्वारा देवमाता निजी अस्पताल की फार्मेसी का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें दवाओं की खरीद-बिक्री, भंडारण एवं दवाओं की जांच की गई।

इस दौरान देवभोग के नागरिकों को नशा मुक्त रहने, नशे से होने वाले नुकसान और तंबाकू से दूरी बनाने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा नागरिको कोे नशा न करने तथा इसके विरोध करने की शपथ भी दिलाई गई।

कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, दबने से भाई-बहन की दर्दनाक मौत; घंटों बाद निकाले गए क्षत-विक्षत शव, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(सीजी टॉकिज) :- जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र में कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में बाइक सवार भाई-बहन ट्रेलर और कोयले के मलबे के नीचे दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार बिरगहनी निवासी संजय कुर्रे (18) और उसकी बहन अंजुलता कुर्रे (25) महतारी वंदन योजना के लिए KYC कराने बाइक से बलौदा जा रहे थे। इसी दौरान दीपका-हरदी बाजार मार्ग पर कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर ग्राम बिरगहनी और ठड़गाबहरा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर बाइक के ऊपर पलट गया।

हादसा इतना भयावह था कि दोनों भाई-बहन कोयले के ढेर के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से घंटों मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि अंजुलता की शादी एक साल पहले हुई थी और वह बीमार पिता से मिलने मायके आई थी। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। बाद में मुआवजे के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गरियाबंद के जंगल में मिली सड़ी-गली लाश, 15-20 दिन पुराना बताया जा रहा शव, पहचान मिटने से उलझा रहस्य

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब कोड़ोहरदी मोड़ के पास जंगल में एक अज्ञात बुजुर्ग की संदिग्ध हालत में लाश मिली। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर डोंगरीगांव बीट के कक्ष क्रमांक 563 में मेन रोड 130सी से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में शव करीब 15 से 20 दिन पुराना बताया जा रहा है। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

मौके से एक टी-शर्ट और लुंगी बरामद हुई है। टी-शर्ट पर “पीपल कॉल ममी पापा” लिखा हुआ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा टीम आसपास के थानों में गुम इंसानों की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

विकसित कृषि संकल्प अभियान: कृषि विभाग ने किसानों को बताए उन्नत खेती और सरकारी योजनाओं के फायदे

(सीजी टॉकिज) :- राजिम से लगे ग्राम पंचायत कोमा में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देकर कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं जल संरक्षण आधारित बनाना है।

कार्यक्रम में खरीफ फसलों में संतुलित उर्वरक उपयोग, बीजोपचार, हरी खाद, नील हरित शैवाल, नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग, फसलों में कीट एवं बीमारियों के नियंत्रण के उपायों सहित विभिन्न कृषि तकनीकों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों को फसल चक्र अपनाने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि लगातार एक ही फसल लेने से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, जबकि फसल चक्र अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है तथा उत्पादन लागत में कमी आती है। किसानों को धान की पारंपरिक खेती के साथ-साथ कम पानी में तैयार होने वाली वैकल्पिक फसलों जैसे रागी, सरसों एवं गेहूं की खेती को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बदलते मौसम एवं जल संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए अल्प पानी वाली फसलें भविष्य की खेती के लिए अधिक उपयोगी सिद्ध होंगी। कार्यक्रम में एग्रीस्टेक एवं पीएम किसान योजना में नवीन पंजीयन की प्रक्रिया की भी जानकारी किसानों को प्रदान की गई। साथ ही कृषि, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया गया। समसामयिक कृषि विषयों पर किसानों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच चर्चा भी हुई।

कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि एच.एस. तिग्गा, सहायक संचालक कृषि अनिल कौशिक, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के.आर. वर्मा, कृषि विकास अधिकारी एन.के. कश्यप, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी हरिशंकर सुमेर, हरीश कुमार पाण्डेय, सुश्री श्वेता साहू सहित विभागीय कर्मचारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं ग्राम पंचायत कोमा के कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

ननद की खूनी खेल, भाभी को मारकर शव किया निर्वस्त्र, रेप दिखाने की कोशिश, लेकिन खुल गया राज

(सीजी टॉकिज) :- कबीरधाम जिले में हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर में एक ननद ने अपनी ही भाभी की लोहे की रपली (छोटी कुल्हाड़ी) से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को दुष्कर्म जैसा दिखाने के लिए शव के कपड़े फाड़ दिए, ताकि पुलिस गुमराह हो जाए और शक किसी पुरुष पर जाए।

जानकारी के अनुसार 3 मई को बेलसिया छेदैया (32) खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान उसकी ननद मालती मरकाम (33) ने पीछे से हमला कर सिर और चेहरे पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को निर्वस्त्र कर खेत में छोड़ दिया।

वारदात के बाद शव मिलने की सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था, जिससे शुरुआती जांच में मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का लग रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां और कपड़ों के टुकड़े बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाकर पुलिस ने जांच शुरू की। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होने पर पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ में मालती मरकाम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर के कामकाज और बंटवारे को लेकर उसकी भाभी से अक्सर विवाद होता था। उसने सोशल मीडिया पर इस तरह के अपराध देखकर हत्या को रेप जैसा दिखाने की योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: 11 केवी तार की चपेट में आने से बाइक समेत जिंदा जला युवक

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के दशपुर बांध के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक और उसकी बाइक दोनों आग की चपेट में आ गए।

मृतक की पहचान यशवंत कुमार ध्रुव (37) निवासी दसपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यशवंत तेंदूपत्ता लेकर जंगल से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में खंभे से टूटकर नीचे झूल रहा 11 केवी बिजली तार उसकी गर्दन में उलझ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तार गले में फंसते ही तेज करंट दौड़ गया और कुछ ही सेकेंड में आग की लपटें उठने लगीं। युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। करंट इतना तेज था कि लोग तुरंत उसके पास नहीं जा सके। देखते ही देखते बाइक जलकर खाक हो गई और युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली सप्लाई बंद कर शव को कब्जे में लिया गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक ने की आत्महत्या, घर के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

(सीजी टॉकिज) :- जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुजीबहार में एक 26 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। युवक लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अविनाश टोप्पो (26 वर्ष) निवासी ग्राम सुजीबहार, थाना कांसाबेल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अविनाश बैंगलोर में रहकर काम करता था। कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके बाद उसने 1 मई को अपने परिजनों को फोन कर स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी थी और घर ले जाने की बात कही थी। परिजनों ने उसे ट्रेन से कोरबा तक आने के लिए कहा, जहां से 3 मई को परिवार के लोग उसे लेकर गांव पहुंचे। तबीयत अधिक खराब होने पर 4 मई को इलाज के लिए उसे जशपुर ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं। इस जानकारी के बाद युवक काफी परेशान रहने लगा था।

पुलिस के अनुसार, 6 मई को मृतक के पिता सैहुन टोप्पो किसी काम से पड़ोसी गांव चोगरी बहार गए हुए थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि अविनाश ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर कांसाबेल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रक की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, 4 वर्षीय बेटा घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(सीजी टॉकिज) कबीरधाम :- कवर्धा जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई, तभी पास से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका 4 वर्षीय मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक दंपत्ति किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद घोरपेन्द्री स्थित अपने ससुराल में रुके हुए थे। शुक्रवार सुबह वे अपने गृह ग्राम सारंगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान घोरपेन्द्री से करीब दो किलोमीटर दूर बासनी स्कूल के पास बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। इस बीच दंपति ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में कृष्णा हाडिले (34 वर्ष) और उनकी पत्नी कृतिका हाडिले (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चा जगदीश दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और जाम समाप्त करवाया। इसके बाद पुलिस ने दंपत्ति के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।