CGTalkies

CGTalkies News

आरंग में महानदी किनारे मिले दो शव, मचा हड़कंप; शिनाख्त में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) आरंग:- महानदी किनारे दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों शव नदी के तेज बहाव में बहकर किनारे की झाड़ियों में फंसे मिले। ग्रामीणों की सूचना पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, बरामद शवों में से एक महिला का है। दोनों शव काफी गल चुके हैं, जिसके कारण उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है। पुलिस महानदी से लगे तथा हाल में बाढ़ प्रभावित जिलों के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है और शवों की पहचान के लिए उसका मिलान किया जा रहा है।

बाढ़ में बहकर आने की आशंका, हत्या का एंगल भी जांच में

हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ गया था और आसपास के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी थी। पुलिस प्रथम दृष्टया इस संभावना की जांच कर रही है कि नदी किनारे दफन शव बाढ़ के तेज बहाव में बहकर चिखली तक पहुंचे हों। इसके अलावा दोनों लोगों के बाढ़ के पानी में बह जाने और डूबने से मौत होने की आशंका भी जांच के दायरे में है। वहीं, हत्या के बाद शवों को नदी में बहाए जाने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरंग के ग्राम चिखली में दो शव बरामद हुए हैं। प्रथम दृष्टया शवों के नदी के बहाव में बहकर आने की संभावना नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

राजिम इलाके में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने 5 लोगों पर लगाया मारपीट का आरोप

(सीजी टॉकिज) :- राजिम इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने पहुंचे और जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। घटना राजिम क्षेत्र के ग्राम टेका का है।

घर की खिड़की में फंदे पर लटका मिला शव

राजिम में युवक की संदिग्ध मौतजानकारी के अनुसार ग्राम टेका निवासी राजकुमार भारद्वाज का शव 27 सितंबर को उसके घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मर्ग कायम किया, वहीं मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि घटना से पहले गांव के पांच लोगों ने राज कुमार के साथ मारपीट की थी। परिजनों ने पुलिस को इन लोगों के नाम बताते हुए पूरे मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह जब वे खेत में काम करने के लिए जा रहे थे, तब राज कुमार घर के बाहर बैठा हुआ था। करीब 11.30 बजे जब वे वापस लौटे तो उसका शव घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसी परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए सवाल उठाए हैं।

पांच लोगों पर मारपीट का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि पांच लोगों द्वारा मारपीट के दौरान राज कुमार की मौत हुई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाए जाने की आशंका है। मामले को लेकर मृतक के परिजन राजिम थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि जांच पूरी होने तक मौत को आत्महत्या मानना उचित नहीं होगा।

राजिम में युवक की संदिग्ध मौतवहीं राजिम पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दी गई है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। राज कुमार की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिंगेश्वर नगर के करीब पहुंचा दंतैल हाथी, एक दर्जन से ज्यादा गांवों में हाई अलर्ट

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- फिंगेश्वर नगर से महज करीब 5 किलोमीटर दूर ग्राम बिडोरा के जंगल में दंतैल हाथी की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांव-गांव कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई है। ग्रामीणों को विशेष हिदायत दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जंगल अथवा हाथी की संभावित आवाजाही वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचें।

हाथी की लगातार निगरानी के लिए वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर तैनात हैं। टीम हाथी की गतिविधियों और उसके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है।

VIDEO

शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश है सेवा संकल्प अभियान : विधायक रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, फिंगेश्वर में एकसेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाएं।

उन्होंने कहा कि आज के ये युवा ही कल के विकसित भारत और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माता हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के बच्चों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया नन्हें कलाकारों ने रंगों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सेवा भाव जैसे विषयों को कैनवास पर बेहद खूबसूरती से उकेरा। बच्चों की कल्पनाशीलता और कला ने सभी का मन मोह लिया।

भाषण प्रतियोगिता में वक्ता के रूप में उतरे छात्र-छात्राओं ने सामाजिक सरोकारों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सेवा के महत्व जैसे विषयों पर ओजस्वी और प्रभावशाली विचार रखे। बच्चों का आत्मविश्वास और संवाद शैली अत्यंत मनमोहक थी। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के द्वारा एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण कर उसकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों की पीठ थपथपाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, नंदनी ओंकार साहू जिला पंचायत सदस्य, चंद्रशेखर साहू महामंत्री जिला भाजपा,अध्यक्ष शाला प्रबंधन मनीष हरित,मंडल अध्यक्ष मंजू हरित, मंडल महामंत्री भुवन साहू,प्रेम टोडर,जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कोमल ढ़ीढ़ी, मिंजून साहू, दशरथ सिन्हा,अध्यक्ष फनीकेश्वर नाथ महाविद्यालय राजू साहू,अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तम राजवंशी,संतोषी श्रीवास्तव, लक्ष्मी श्रीवास्तव, वीणा निषाद,भुनेश्वरी साहू,खिलेशवरी साहू, मेवा राम,उमराव, यशवंत, दाऊ लाल, अरुण सिन्हा, नीलम साहू बीईओ हेमंत साहू, बीआरसीसी सुभाष शर्मा, एबीईओ अनिल ध्रुव, देवेंद्र सिंह, प्राचार्य सोहन सेन,नरेश साहू, रामनारायण मिश्रा, अलोक शर्मा,वर्षा नेताम मिनाक्षी शर्मा शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फिंगेश्वर के दर्रीपार में जमीन विवाद के बाद तनाव, राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित मिलने से सतनामी समाज में आक्रोश, बड़ी संख्या में थाना पहुंचने का आह्वान

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से लगे दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। जमीन संबंधी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रशासन की गाड़ी को रोकने की बात सामने आई थी। इसके ठीक अगले दिन गुरुवार सुबह दर्रीपार क्षेत्र में शूरवीर एवं महान प्रतापी राजा गुरु बालक दास की स्थापित प्रतिमा खंडित हालत में मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

प्रतिमा खंडित किए जाने की खबर फैलते ही सतनामी समाज के लोगों में आक्रोश देखा गया। समाज के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

बताया जा रहा है कि दर्रीपार में जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा था। इसी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था। जांच के दौरान प्रशासन की गाड़ी रोके जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह प्रतिमा खंडित मिलने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, प्रतिमा किसने और किन परिस्थितियों में खंडित की, इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

सुबह से ही समाज में आक्रोश, थाना पहुंचने की अपील

घटना को लेकर तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के अध्यक्ष कोमल ढीढी ने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में सुबह 10 बजे फिंगेश्वर थाना पहुंचने की अपील की है। उन्होंने समाज के लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से थाना पहुंचकर घटना के संबंध में पुलिस के समक्ष अपनी बात रखने का आह्वान किया है।

वहीं तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के सचिव कुलेश्वर सोनवानी ने कहा कि समाज के लोग थाना पहुंचकर घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज के प्रतिनिधि गरियाबंद एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे।

जमीन विवाद से जुड़ा मामला, प्रशासनिक जांच के बाद बढ़ा तनाव

दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर प्रशासन की टीम की मौजूदगी और उसके बाद प्रतिमा खंडित मिलने की घटना को लेकर अब पुलिस और प्रशासन के सामने मामले की पूरी कड़ियों को जोड़ने की चुनौती है। समाज के लोगों का कहना है कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। प्रतिमा खंडित करने के पीछे कौन लोग हैं और घटना का जमीन विवाद से कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण में रिंकेश कुमार गुप्ता बने उप अभियंता, मुख्यमंत्री साय ने सौंपा नियुक्ति पत्र

(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 30 सितंबर 2026 को मंत्रालय महानदी भवन में नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री ओपी चौधरी, लखन लाल देवांगन, गजेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इसी नियुक्ति क्रम में जरही निवासी रामनिवास गुप्ता के पुत्र रिंकेश कुमार गुप्ता को भी नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में उप अभियंता के पद पर नियुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर रिंकेश के परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

रिंकेश कुमार गुप्ता को बधाई देने के लिए अभनपुर एवं रायपुर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शुभचिंतकों ने उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बाढ़ आपदा के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे विधायक रोहित साहू, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लिया नुकसान का जायजा

(सीजी टॉकिज) राजिम :- विगत दिनों क्षेत्र में हुई लगातार मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न बाढ़ और उससे हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू सीधे ग्राउंड जीरो पर उतरे। विधायक ने अपने सघन दौरे के तहत बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए कोपरा, तर्रा और कुरूसकेरा गांवों का दौरा किया और वर्तमान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हुए नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया।

दौरे के दौरान विधायक रोहित साहू के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विधायक ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जलभराव और बाढ़ से प्रभावित किसी भी नागरिक को राहत पहुंचाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। प्रशासनिक टीम ने भी गांवों में पहुंचकर नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर विधायक रोहित साहू ने सीधे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने पानी से घिरे घरों, डूबी हुई फसलों और रास्तों पर हुए नुकसान का निरीक्षण किया।

विधायक ने संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावितों की मदद के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं और जिन परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उनका त्वरित सर्वे कर जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्कता बरतें।

इस दौरान प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष कोपरा गोपी ध्रुव, महामंत्री हेमंत वर्मा नगर पंचायत कोपरा के पार्षद प्रणय साहू, एल्डरमैन झामन साहू, दिलीप वर्मा, झाड़ू तारक, अजय साहू, दिनेश साहू, पूर्व अध्यक्ष नोगेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महडिक, पुरेंद्र साहू, ग्राम पंचायत तर्रा के सरपंच प्रतिनिधि तुकेश साहू, कुरूसकेरा सरपंच कमल क्रांति राव, ग्वाल तारक, नोखे साहू ,नेपाल साहू, चेमन साहू, रिपु निर्मलकर, तेजराम पटेल ,पीयूष साहू, चम्मपु पटेल, बाली पटेल, गिरधारी तारक, विनोद पटेल, शेखर पटेल, लक्षमन पटेल सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

रेत से पटे खेत, विधायक रोहित साहू ने ग्राम पोखरा और हथखोज में पहुंचकर किया जमीनी निरीक्षण, किसानों को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

(सीजी टॉकिज) राजिम:- हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण किसानों की नुकसान हुए फसल का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पोखरा और हथखोज पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित खेतों और नदी में उतरकर बारीकी से निरीक्षण किया। बाढ़ के तेज पानी और मलबे के कारण किसानों के कई एकड़ उपजाऊ खेत पूरी तरह रेत से पट चुके हैं और फसलों का नुकसान हुआ है।

किसानों की पीड़ा को नजदीक से समझने के लिए विधायक रोहित साहू स्वयं जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ धरातल पर उतरे। उन्होंने रेत से पटे खेतों और नदी के जलस्तर वाले क्षेत्रों का पैदल चलकर मुआयना किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर विधायक ने पूरी गंभीरता से उनकी बातें सुनीं।

विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर उचित मुआवजा और राहत राशि दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से अन्नदाताओं के साथ खड़े हैं।

​​निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और किसानों से विधायक रोहित साहू ने कहा कि अन्नदाताओं की मेहनत और उनकी फसल का नुकसान हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। प्राकृतिक आपदा के इस संकट काल में सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। मैंने स्वयं यहाँ आकर खेतों की वास्तविक स्थिति और बाढ़ से हुए नुकसान को देखा है। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूँ कि प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी। आपकी हर समस्या का समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस दौरान प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य नंदनी कोमल ढीढी, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, सरपंच पोखरा डॉ. सियाराम साहू, सरपंच हथखोज बलराम निषाद, श्याम अग्रवाल,मुकेश साहू, संतोष साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष राजू पटेल, राजेश परमार राजकुमार साहू राजकुमार साहू नरेंद्र निषाद रोशन साहू किशन साहू तेजराम निषाद ,जल संसाधन ई एस के बर्मन, कृषि विभाग संचालक चंदन राय,राजस्व निराक्षक, पटवारी, पी डब्लू डी इंजिनियर सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहे।

सेवानिवृत्त होने वाले दो स्वास्थ्यकर्मियों को कलेक्टर ने सौंपा पीपीओ आदेश, शाल-श्रीफल से किया सम्मानित

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक समर्पित भाव से सेवाएं देने वाले दो कर्मचारियों के लिए 29 सितंबर का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा। 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले लेखराम वर्मा, पर्यवेक्षक, सेक्टर फिंगेश्वर और दौवा राम चक्रधारी, एनएमए, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा को कलेक्टर के करकमलों से पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) प्रदान किया गया। इस अवसर पर दोनों कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्ति से पहले मिला पीपीओ आदेश

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने ने बताया कि जिला गरियाबंद में स्वास्थ्य विभाग के लिए यह अवसर विशेष रहा। दोनों कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्ति से पहले पीपीओ आदेश प्रदान करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दी सुखमय जीवन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक एवं खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों का अनुभव और सेवाभाव विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

सभी ने लेखराम वर्मा और दौवा राम चक्रधारी के स्वस्थ, दीर्घायु, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

राजिम में दो अज्ञात शव मिलने से मचा हड़कंप, गोदना से शिनाख्त की कोशिश, दूसरी लाश सड़ी-गली हालत में मिली

(सीजी टॉकिज) राजिम :- गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में महानदी के अलग-अलग जगहों पर दो अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। एक महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिली, जबकि दूसरी महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। 

अर्धनग्न हालत में मिला पहला शव

महानदी में मिली दो महिलाओं की लाशजानकारी के अनुसार राजिम-नवागांव एनीकट के पास मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना पर राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया। महिला की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हाथ पर ‘अनिता राज’ का गोदना

बताया गया कि महिला के हाथ पर गोदना यानी टैटू बना हुआ है, जिसमें ‘अनिता राज’ लिखा है। राजिम पुलिस के अनुसार हाथ पर बने गोदना के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मणिकंचन वार्ड में मिली सड़ी-गली लाश

महानदी में मिली दो महिलाओं की लाशदूसरी महिला का शव राजिम के मणिकंचन वार्ड क्रमांक 1 के पास मिला है। शव काफी सड़ी-गली हालत में मिला है, जिसके कारण महिला की पहचान करने में परेशानी आ रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। मौके से जुरूरी साक्ष्य जुटाकर सुरक्षित किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

महानदी में मिली दो महिलाओं की लाशपुलिस शवों की पहचान के लिए प्रयास कर रही है और आसपास के क्षेत्रों से लापता महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों महिलाओं की मौत किन परिस्थितियों में हुई, शव नदी के अलग-अलग हिस्सों तक कैसे पहुंचे और क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।