CGTalkies

CGTalkies News

अभनपुर में दो अलग-अलग गांवों में फंदे से लटके मिले महिला और पुरुष के शव, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में महिला और पुरूष का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। एक मामले में 59 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दूसरे मामले में एक महिला ने रसोईघर में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बकतरा में कमरे में लटका मिला ग्रामीण

मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम बकतरा निवासी भूषण साहू (59 वर्ष) ने अपने घर के कमरे में पंखे से स्कार्फ का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आमनेर में महिला ने किचन में लगाई फांसी

वहीं दूसरी घटना ग्राम आमनेर में सामने आई, जहां भगवती कोसले पति राजकुमार कोसले ने अपने घर के किचन में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उन्हें आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला तो अंदर जाकर देखा। महिला फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दोनों घटनाओं में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। एक ही दिन अभनपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *