CGTalkies

CGTalkies News

ब्रेकिंग: पंच की ईको कार में गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर लगाई आग, वाहन जलकर राख; इलाके में दहशत

(सीजी टॉकिज) :- छुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहझर के मंदिरपारा में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 के पंच अरुण कुमार ठाकुर की ईको कार में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए न केवल कार का शीशा तोड़ा, बल्कि वाहन के अंदर गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि पूरी कार जलकर राख हो गई। घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, वाहन मालिक अरुण कुमार ठाकुर की ईको कार क्रमांक CG 04 NV 5514 रोजाना की तरह उनके घर की बाड़ी में खड़ी थी। रात के अंधेरे में अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में चल रहे ग्रेनाइट टाइल्स के काम के दौरान पड़े ग्रेनाइट के टुकड़े का इस्तेमाल कर कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने कार के भीतर गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर आग लगा दी। सुबह करीब 4 बजे जब घर के सदस्य उठे, तब उन्हें वाहन में आग लगने की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचकर देखा तो कार पूरी तरह जल चुकी थी। वाहन के अंदर गैस टंकी फटी हुई अवस्था में मिली, वहीं चूल्हा, लाइटर और अन्य सामान भी दिखाई दिए।

एक ही रात में तीन वाहनों को निशाना बनाने की कोशिश

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी रात गांव के दो अन्य लोगों की कारों में भी आग लगाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। वहीं अरुण कुमार ठाकुर की ईको कार को निशाना बनाकर पूरी तरह जला दिया गया। एक ही रात में गांव के तीन वाहनों को निशाना बनाने की कोशिश ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी वाहन मालिक द्वारा डायल 112 को दी गई। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और आगे कार्रवाई शुरू कर दी गई। अब ग्रामीणों की नजर पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।

तौरेंगा की घटना के बाद दूसरी वारदात, अब तक नहीं मिला सुराग

गौरतलब है कि जिले में वाहनों में आग लगाने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम तौरेंगा में घर के सामने खड़ी वेगनआर कार में आग लगाने की घटना सामने आई थी। बताया जा रहा है कि उस मामले में भी आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। ऐसे में लोहझर की ताजा घटना ने ग्रामीण इलाकों में खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

घरों के सामने खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं, बड़ी जनहानि का खतरा

आज गांवों से लेकर शहरों तक अधिकांश लोग अपने चारपहिया और दोपहिया वाहन घर के सामने या घर की बाड़ी में खड़े करते हैं। ऐसे में यदि अज्ञात लोग रात के अंधेरे में वाहनों को आग के हवाले करने जैसी घटनाओं को अंजाम देने लगें, तो इससे केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं, बल्कि आसपास के घरों और परिवारों की जान पर भी खतरा मंडरा सकता है। लोहझर की घटना में कार के भीतर गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर आग लगाने की बात सामने आना इस खतरे को और गंभीर बनाता है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के साक्ष्य जुटाने, आसपास के लोगों से पूछताछ करने और आरोपियों की जल्द पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पूर्व में हुई तौरेंगा की घटना की जांच में भी तेजी लाने की जरूरत जताई जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं के पीछे छिपे आरोपियों तक कब पहुंचती है और ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा कैसे बहाल करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *