CGTalkies

CGTalkies News

जुपिटर पब्लिक स्कूल में पुलिस की पाठशाला: ‘गुड टच-बैड टच’ से लेकर साइबर सुरक्षा तक बच्चों को किया जागरूक

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- विद्यार्थियों की सुरक्षा, जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जुपिटर पब्लिक स्कूल, फिंगेश्वर में पुलिस विभाग द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को गुड टच एवं बैड टच, साइबर अपराध से बचाव, शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न की पहचान तथा सुरक्षित व्यवहार के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या किसी भी प्रकार का शारीरिक, मानसिक अथवा ऑनलाइन उत्पीड़न करता है, तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि समय पर शिकायत करना ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।

साइबर सुरक्षा विषय पर अधिकारियों ने सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, साइबर ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। विद्यार्थियों को इंटरनेट का सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और संयमित उपयोग करने की सलाह दी गई।

विद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *