CGTalkies

CGTalkies News

नवापारा पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब बेचते दो कोचिया गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- गोबरा नवापारा पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।

नवापारा पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पारागांव बाजार चौक के पास दो व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही शराब खरीदने वाले मौके से भाग निकले, जबकि शराब बेच रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में कोचियों ने अपना नाम बसंत सिन्हा और सीताराम निषाद निवासी गांधी चौक बताया, जो पारागांव के रहने वाले हैं।

पुलिस तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 42 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4,200 रुपए आंकी गई है। आरोपियों से शराब बिक्री संबंधी दस्तावेज और लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाने में 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया।

बेटियों के सपनों को पंख देगा नारी शक्ति वंदन!” – सुश्री सरोज कंसारी

“बेटियों के सपनों को पंख देगा नारी शक्ति वंदन!” – सुश्री सरोज कंसारी

महिलाओं की आवाज को ताकत देने वाला यह ऐतिहासिक बिल – सोमा शर्मा पत्रकार

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज दोपहर नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विशेष कार्यवाही हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आईं माताएं-बहनें सदन की कार्यवाही देखने पहुंचीं। पत्रकार, शिक्षक, डॉक्टर और वकील समुदाय के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। अधिनियम में महिलाओं को 33% आरक्षण और नेतृत्व का अधिकार देने का प्रावधान है!

नावापारा-राजिम नगर अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, कवयित्री एवं शिक्षिका सुश्री सरोज कंसारी, डॉ. रेशमा साहू और पत्रकार सोमा शर्मा भी सदन पहुंचीं। नगर अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने कहा, _”नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान का दस्तावेज है। 33% आरक्षण से गांव-शहर की हर बेटी पंचायत से संसद तक पहुंचेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को सादर धन्यवाद।”

सुश्री सरोज कंसारी ने कहा, _”यह बिल सिर्फ कानून नहीं, बेटियों के सपनों को पंख है। जब मातृशक्ति निर्णय लेगी तो समाज की दिशा बदलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का आभार कि उन्होंने हमें सदन में सम्मान दिया।”

पत्रकार सोमा शर्मा ने कहा, _”महिलाओं की आवाज को ताकत देने वाला यह ऐतिहासिक बिल है। मीडिया की बहनें भी अब नीति निर्धारण में भागीदार बनेंगी। छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम सराहनीय है।”_ प्रबुद्ध महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, साजा विधायक ईश्वर साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे।

सदन में नारी शक्ति बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस ने विरोध दर्ज किया। इसके बाद मातृशक्ति ने अधिनियम के समर्थन में भावनाएं व्यक्त कीं और विशेष सत्र के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मातृशक्ति का यह विश्वास और समर्थन सरकार को ऊर्जा देता है, ताकि हर बहन-बेटी के सम्मान, सुरक्षा और सशक्त भविष्य के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया जाए।

रुद्र अग्रवाल ने विद्यालय में किया प्रथम स्थान प्राप्त, विद्यालय परिवार व नगरवासियों में हर्ष

(सीजी टॉकीज) अभनपुर :  द ग्रेसियस स्कूल, अभनपुर में कक्षा पांचवी का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

परीक्षा परिणाम में रॉयल रेजिडेंशियल कॉलोनी निवासी छात्र रुद्र अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय में अव्वल स्थान हासिल किया। रुद्र की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन में हर्ष का माहौल है।

आपको बता दें कि रुद्र अग्रवाल अभनपुर के पत्रकार व राजिम प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल के बड़े बेटे है, रुद्र अग्रवाल की मम्मी नीलू अग्रवाल पेशे से गृहणी है, रुद्र अग्रवाल की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार सहित राजिम प्रेस क्लब के अध्यक्ष नीरज शर्मा ने भी उन्हें बधाई दी है।

विद्यालय के प्राचार्य ने रुद्र अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर मेहनत करने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से ही इस प्रकार के शानदार परिणाम संभव हो पाते हैं। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

देवभोग में हिली धरती, उड़ीसा में दिखा भयावह मंजर, भूकंप से जनजीवन अस्त व्यस्त 

देवभोग में हिली धरती, उड़ीसा में दिखा भयावह मंजर, भूकंप से जनजीवन अस्त व्यस्त 

(सीजी टॉकीज)गरियाबंद:  देवभोग इलाके में तेज आवाज के साथ हुई भूमि कम्पन से सहमें लोग ।7.42 बजे 3 सेकेंड के लिए महसूस किया गया कंपन,पड़ोसी राज्य ओडिसा में भी तीव्रता का असर ज्यादा था।

देवभोग क्षेत्र में देर शाम से मौसम का मिजाज बदला हुआ था।बारिश के बाद बिजली आसमान में चमक रहे थे।लेकिन इसी बीच 7:42 बजे लगभग 3 सेकेंड के लिय इलाके भर में झटका महसूस किया गया।तीव्रता इतनी थी कि जामिन पर रखा हुआ वास्तु का कंपन्न होना देखा गया।किसी धमाके की आवाज के साथ हुई कम्पन से इलाके भर के लोग सहम गए हैं।स्थानीय सोशल मीडिया में संभावित भूगर्भीय घटना की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।देवभोग के अलावा अमलीदर तहसील क्षेत्र में भी इस कंपन को महसूस किया गया है।हालांकि इस घटना से अब तक कोई हताहत या नुकसान की सूचना नहीं आई है।

तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि दूरभाष के माध्यम से तहसील भर में कंपन्न की सूचना मिली है।विधिवत इसे उच्च अधिकारियों को अवगत करा कर मामले को भूगर्भ विशेषज्ञों तक पहुंचा कर इसका अध्ययन कराया जायेगा।

सब्सिडी खत्म, नया दौर शुरू—कर्मचारी संघ की मांग पर बदली मंत्रालय कैंटीन व्यवस्था”26 साल बदला सिस्टम

सब्सिडी खत्म, नया दौर शुरू—कर्मचारी संघ की मांग पर बदली मंत्रालय कैंटीन व्यवस्था”26 साल बदला सिस्टम

(सीजी टॉकीज ब्यूरो) अभनपुर/नवा रायपुर: नवा रायपुर मंत्रालय महानदी भवन में कैंटीन व्यवस्था में हालिया बदलाव व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है। विस्तृत पड़ताल से यह स्पष्ट हुआ है कि यह परिवर्तन मंत्रालय कर्मचारी संघ के चुनावी वादे और औपचारिक मांग के अनुरूप लिया गया कदम है। लंबे समय से कैंटीन संचालन इंडियन कॉफी हाउस (ICH) के माध्यम से बिना निविदा के किया जा रहा था, जिसमें राज्य शासन द्वारा लगभग ₹12 लाख प्रतिमाह की सब्सिडी प्रदान की जाती थी, वह भी बिक्री आय के अतिरिक्त। इसी कारण खाद्य पदार्थों की दरें बाजार दरों की तुलना में काफी कम बनी रहती थीं।

नए कर्मचारी संघ ने चुनाव के दौरान इस व्यवस्था को समाप्त कर टेंडर आधारित, पारदर्शी प्रणाली लागू करने का मुद्दा चुनावी घोषणा पत्र में था। चुनाव उपरांत संघ ने अपनी घोषणा को अमल में लाते हुए शासन के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की, जिसमें कैंटीन की गुणवत्ता, सेवा में देरी और सब्सिडी के औचित्य पर गंभीर सवाल उठाए गए। शासन ने इन बिंदुओं को संजीदगी से लेते हुए प्रकरण की समीक्षा प्रारंभ की।

प्रशासनिक स्तर पर फाइल को परीक्षण हेतु वित्त विभाग को भेजा गया, जहां कर्मचारी संघ द्वारा उठाई गई आपत्तियों के आधार पर सब्सिडी पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। सेवा निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से ICH को सीमित अवधि के लिए विस्तार दिया गया, परंतु यह स्पष्ट कर दिया गया कि आगे सब्सिडी जारी नहीं रहेगी।

सब्सिडी समाप्त होने के बाद ICH ने बिना वित्तीय समर्थन के संचालन जारी रखने में असमर्थता जताई, जिसके परिणामस्वरूप खुली निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्रारंभिक चरणों में अपेक्षित प्रतिस्पर्धा नहीं मिली, परंतु पुनः प्रयासों के बाद अंततः एक एजेंसी का चयन कर नई व्यवस्था लागू की जा रही है।

अब कैंटीन पूर्णतः लागत-आधारित मॉडल पर संचालित होगी, जहां दरों का निर्धारण वास्तविक लागत के अनुरूप किया जाएगा। यह परिवर्तन उसी मांग का प्रत्यक्ष परिणाम है जिसे कर्मचारी संघ ने अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से रखा था।

आगामी समय में यह देखा जाना शेष है कि नई व्यवस्था कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर कितनी खरी उतरती है।

निषाद समाज सरकड़ा को बड़ी सौगात: भवन निर्माण हेतु 10 लाख की स्वीकृति, समाज ने विधायक श्री रोहित साहू का जताया आभार

निषाद समाज सरकड़ा को बड़ी सौगात: भवन निर्माण हेतु 10 लाख की स्वीकृति, समाज ने विधायक श्री रोहित साहू का जताया आभार

 

(सीजी टॉकीज) गरियाबंद/पाण्डुका/राजिम : निषाद समाज सरकड़ा के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधि मंडल आज राजिम विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय एवं जनसेवा के प्रति समर्पित माननीय विधायक श्री रोहित साहू से सौजन्य मुलाकात कर समाज के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल द्वारा समाज के लिए एक सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण की प्रमुख मांग रखी गई। सदस्यों ने बताया कि भवन के अभाव में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन में निरंतर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे समाज के समग्र विकास पर प्रभाव पड़ रहा है।

माननीय विधायक श्री रोहित साहू ने समाज की इस महत्वपूर्ण मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और पूर्व में स्वीकृत भवन को निषाद समाज भवन निर्माण हेतु अनुशंसित कर स्वीकृति प्रदान की। विधायक के इस त्वरित एवं जनहितकारी निर्णय से निषाद समाज के सदस्यों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। यह निर्णय समाज की एकता, संगठन और उन्नति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रतिनिधि मंडल में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री विरेंद्र कुमार साहू, अधिवक्ता संघ राजिम के अध्यक्ष श्री दशरथ निषाद, निषाद समाज ग्रामीण अध्यक्ष श्री रामचंद्र निषाद, सचिव श्री भूगेश निषाद, श्री खूबलाल निषाद, श्री नवीन साहू, श्री शांतु निषाद, श्री राजेश निषाद, श्री विजय निषाद एवं श्री ताराचंद निषाद सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

निषाद समाज सरकड़ा के पदाधिकारियों एवं समस्त समाजजनों ने माननीय विधायक महोदय का इस सराहनीय पहल एवं समाजहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन आने वाले समय में समाज के विकास, संगठन एवं सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

राजिम विधायक रोहित साहू ने ली विभागवार समीक्षा, सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के दिए निर्देश

राजिम विधायक रोहित साहू ने ली विभागवार समीक्षा, सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के दिए निर्देश

(सीजी टॉकीज)राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिरत विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर क्षेत्रीय विधायक श्री रोहित साहू ने विश्राम गृह राजिम में प्रमुख विभागों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में विधायक ने स्पष्ट संकेत दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान विधायक ने राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और पीएम जनमन में संलग्न विभाग के अधिकारियों के साथ एक-एक कर चर्चा की। उन्होंने वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं के संबंधित विस्तृत जानकारी ली। विधायक रोहित साहू ने लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में हो रहे सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों में उच्च मानक की सामग्री का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है।जनता का पैसा विकास में लग रहा है, इसलिए कार्य में पूर्ण गुणवत्ता होना चाहिए। विधायक ने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की भी बात कही। विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए संचालित पीएम जनमन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक देरी नहीं होनी चाहिए।विद्युत विभाग को गर्मी के मौसम और खेती के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वन विभाग को विभागीय योजनाओं के तहत पौधारोपण और फेंसिंग जैसे कार्यों में तेजी लाने को कहा। राजस्व विभाग के अधिकारियों को सीमांकन, नामांतरण और बटांकन जैसे जनहित के मामलों को संवेदनशीलता के साथ निपटाने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारा लक्ष्य राजिम विधानसभा को आदर्श क्षेत्र बनाना है। अधिकारी केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें अपितु क्षेत्र में पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में समयसीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। बैठक के अंत में विधायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वित तरीके से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर वे स्वयं कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पालन किया जाएगा और चल रहे परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उक्त बैठक में राजिम नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव,राजिम के एसडीएम विशाल महाराणा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री रामेश्वर प्रसाद सिंह, एसडीओ मनीष साहू, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन यंत्री,अभिषेक पाटकर,वन विभाग के एसडीओ विकास चंद्राकर , आरईएस के ईई प्रकाश दावरे,एसडीओ नवीन चंद्राकर,विद्युत विभाग के सहायक यंत्री धर्मेंद्र साहू, शिवेंद्र साहू, सहित सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।

अभनपुर में पानी पर कथित ठेकेदार का कब्जा? नगर पालिका की मेन लाइन काटकर भरे जा रहे टैंकर, जनता में भारी आक्रोश

अभनपुर में पानी पर कथित ठेकेदार का कब्जा? नगर पालिका की मेन लाइन काटकर भरे जा रहे टैंकर, जनता में भारी आक्रोश

(सीजी टॉकीज)रायपुर/अभनपुर : अभनपुर नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि नगर पालिका के कथित पानी टैंकर ठेकेदार द्वारा नगर के नल जलापूर्ति की मेन पाइप लाइन को काटकर टैंकर भरे जा रहे हैं, जिसके कारण कई वार्डों में घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस कथित मनमानी से नगरवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका की नियमित जल आपूर्ति बाधित होने के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए निजी टैंकर खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत ने आम नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि जहां एक ओर नगर पालिका पानी सप्लाई देने में असफल है, वहीं दूसरी ओर उसी पानी को टैंकरों के माध्यम से बेचा जा रहा है।

मामले ने लिया राजनीतिक रंग

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है, क्योंकि बताया जा रहा है कि टैंकर ठेकेदार वार्ड क्रमांक 3 के कांग्रेस पार्षद का पुत्र है। इस कारण विपक्षी भाजपा पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन पर संरक्षण देने का आरोप लगाया है। भाजपा पार्षदों ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से की है, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

भाजपा पार्षदों का कहना है कि मेन लाइन काटकर टैंकरों में पानी भरने से कई वार्डों की जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे लोगों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और जल व्यवस्था को जल्द बहाल किया जाए।

नगरवासियों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए यह मामला अब गंभीर होता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब सबकी निगाहें नगर पालिका प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वे जनता की इस समस्या का समाधान कब तक कर पाते हैं।

फोनपे वसूली कांड से हिला फिंगेश्वर शिक्षा विभाग! 260+ स्कूलों से उगाही का खुलासा आदेश गायब—कौन है असली खिलाड़ी

फोनपे वसूली कांड से हिला फिंगेश्वर शिक्षा विभाग! 260+ स्कूलों से उगाही का खुलासा आदेश गायब—कौन है असली खिलाड़ी

फोनपे से वसूली, व्हाट्सऐप से फरमान! फिंगेश्वर शिक्षा विभाग का बड़ा कारनामा 

 

(सीजी टॉकीज) गरियाबंद/फिंगेश्वर-: जिले के फिंगेश्वर विकासखंड में शिक्षा विभाग से जुड़ा कथित अवैध वसूली का बड़ा कांड सामने आया है। परीक्षा परिणाम और फर्द (दस्तावेज) तैयार करने के नाम पर स्कूलों से पैसे लेने का मामला अब डिजिटल सबूतों के साथ उजागर हो गया है। फोनपे के माध्यम से किए गए भुगतान और कथित आदेशों के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार फिंगेश्वर ब्लॉक के 157 शासकीय प्राइमरी और 83 मिडिल स्कूलों से 150 से 300 रुपये तक की राशि ली गई। इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों से भी अलग से वसूली किए जाने की बात सामने आई है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।

वायरल स्क्रीनशॉट ने खोली पोल

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट्स में जिसमे फोनपे ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे जमा कराये गए है, पैसा जमा करने व्हाट्सऐप के माध्यम से कथित रूप से “सूचना/आदेश” जारी किया गया है, जिन मोबाइल नंबरो से पैसे लिए गए है वे स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के सामने आने के बाद अब यह मामला केवल आरोप नहीं, बल्कि जांच योग्य ठोस आधार बन गया है।

सबसे बड़ा सवाल—किसके आदेश पर वसूली

अब पूरे मामले में कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं—

जब कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ, तो यह सूचना किसने जारी की, स्कूलों को फोन कर पैसे किसके कहने पर मांगे गए? फोनपे पर जिस नंबर में राशि जमा हुई, वह किसका है? क्या यह संगठित तरीके से किया गया खेल है?

“क्या परीक्षा के लिए बजट नहीं आता?”

शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने सवाल उठाया है कि जब शासन द्वारा परीक्षा और शैक्षणिक कार्यों के लिए बजट पहले से उपलब्ध कराया जाता है, तो फिर इस तरह की अलग से वसूली क्यों की गई? इसे उन्होंने पूरी तरह नियम विरुद्ध और संदिग्ध बताया है।

DEO का बड़ा बयान—“नहीं दिया कोई आदेश”

इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) गरियाबंद से फोन के माध्यम से संपर्क किया गया।DEO ने स्पष्ट कहा— “पैसे लेने के लिए हमारे द्वारा किसी प्रकार का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। यदि इस तरह की वसूली सामने आती है, तो इसकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

DEO के इस बयान के बाद अब यह मामला और भी गंभीर हो गया है, क्योंकि इससे साफ है कि वसूली विभागीय आदेश के बिना की गई है।

जिम्मेदार कौन? कार्यवाही की मांग तेज

अब शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन और आम लोगों की मांग है कि फोनपे में जिस नंबर पर पैसा गया उसकी तत्काल जांच हो। संबंधित जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि शिक्षा जैसे संवेदनशील विभाग में इस तरह की घटना “शिक्षा के मंदिर” पर दाग है। संबंधित ब्लॉक और जिला के अधिकारियों पर कार्यवाही होनी चाहिए।

अब प्रशासन की परीक्षा

यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बन चुका है।डिजिटल सबूत, वायरल स्क्रीनशॉट और DEO के बयान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है— क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा?फिलहाल सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

ग्राम बलरामपुर में भव्य श्री राम-जानकी मंदिर निर्माण के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, पूरे गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब

ग्राम बलरामपुर में भव्य श्री राम-जानकी मंदिर निर्माण के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, पूरे गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब

पंडित प्रमोद शर्मा के सानिध्य में पूरे विधि विधान से हो रहा है राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 

(सीजी टॉकीज) फिंगेश्वर/राजिम : ग्राम बलरामपुर में इन दिनों धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। यहां भव्य श्री राम-जानकी मंदिर का निर्माण और उसके प्राण प्रतिष्ठा का कार्य पूर्णता की ओर है, जिसके साथ ही पूरे ग्रामवासी मिलकर राम दरबार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का पावन आयोजन कर रहे हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान को आचार्य पंडित प्रमोद शर्मा जी के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया जा रहा है।

मंदिर स्थापना के इस महोत्सव के दौरान पूरे गांव में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। विशेष रूप से शुक्रवार शाम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान की प्रतिमाएं पूरे ग्राम भ्रमण पर निकलीं। इस दौरान हर घर के आंगन में पहुंचकर भगवान ने ग्रामवासियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

ग्रामवासियों ने भी पूरे श्रद्धा भाव से भगवान का स्वागत किया। घर-घर के सामने आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं और दीप प्रज्वलित कर भगवान की अगवानी की गई। इस शोभायात्रा में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा—सभी वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा गांव भक्ति में सराबोर नजर आया।

मंदिर स्थापना के साथ ही यहां मानस गान सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से आई रामायण मंडलियां राम कथा का सुंदर गुणगान कर रही हैं। भक्ति संगीत और कथा के माध्यम से वातावरण पूरी तरह से राममय हो गया है।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में दुग्धारी मठ रायपुर के महंत रामसुंदर दास जी महाराज एवं सिरकट्टी आश्रम के संत गोवर्धन शरण व्यास जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

वहीं क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू के पश्चिम बंगाल प्रवास पर होने के कारण उनके प्रतिनिधि के रूप में राजू साहू एवं जगदीश यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री राम-जानकी मंदिर समिति के सदस्य भुनेश्वर साहू, लेखराम साहू, तुकाराम साहू, देवचरण साहू, दीना राम साहू, पकलु राम साहू, महेंद्र साहू, जागेश्वर साहू सहित ग्रामीण अध्यक्ष धीरज शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि मनोज यदु, ग्रामीण सचिव गिरीश साहू, डिप्टी सेक्रेटरी छत्तीसगढ़ मंत्रालय घनश्याम साहू, कमल भारती, डोमन भारती, शत्रुघन साहू और समस्त ग्रामवासी तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामवासियों की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।