CGTalkies

CGTalkies News

सोनतीर्थ घाट के निर्माणाधीन संस्कार भवन का विधायक रोहित साहू ने किया निरीक्षण

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम के ऐतिहासिक सोनतीर्थ घाट पर निर्माणाधीन संस्कार भवन का राजिम विधायक रोहित साहू ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधा से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

विधायक रोहित साहू ने निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने संस्कार भवन परिसर में पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्नान स्थल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि सोनतीर्थ घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पिंडदान करने वाले परिवार और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोग पहुंचते हैं। ऐसे में यहां बनने वाला संस्कार भवन सर्वसुविधायुक्त, विशाल और सुविधाजनक होना चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी राजिम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि संस्कार भवन बनने के बाद प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब तक अंतिम संस्कार के बाद होने वाली धार्मिक रस्मों और सामाजिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान का अभाव था, जिसे यह भवन दूर करेगा।

निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पार्षद बलराम यादव, भारत यादव, आकाश राजपूत तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।