CGTalkies

CGTalkies News

फिंगेश्वर में उज्जैन की तर्ज पर निकलेगी बाबा महाकाल की भव्य पालकी, 10 अगस्त को महाकालमय होगा फिंगेश्वर

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- फिंगेश्वर में सावन मास के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त को बाबा महाकाल की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। उज्जैन के बाबा महाकाल की पालकी यात्रा की तर्ज पर होने वाले इस आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष पालकी यात्रा में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

दोपहर 2 बजे शुरू होगी पालकी यात्रा

आयोजन समिति के अनुसार, 10 अगस्त को दोपहर 2 बजे स्वर्गीय रानी श्याम कुमारी देवी चौक से बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का शुभारंभ होगा। आकर्षक फूलों से सजी पालकी में बाबा महाकाल को विराजमान किया जाएगा और श्रद्धालु पालकी को अपने हाथों में उठाकर नगर के प्रमुख मार्गों से लेकर जाएंगे। पालकी यात्रा के दौरान गाजे-बाजे, डीजे और धुमाल के साथ बाबा महाकाल के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आएगा।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना बस स्टैंड परिसर पहुंचेगी। यहां बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा महाकाल का फूलों की वर्षा, जयकारों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए आकर्षक मंच तैयार किया जा रहा है। इसके बाद पालकी शोभायात्रा नगर के व्यापारिक क्षेत्र से होते हुए नया बस स्टैंड परिसर पहुंचेगी, जहां मुख्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिव-पार्वती विवाह की होगी मनमोहक प्रस्तुति

नया बस स्टैंड परिसर में लाइट एवं साउंड सिस्टम के साथ बाबा महाकाल की भव्य आरती होगी। इसके बाद दुर्ग से आने वाले अघोरी ग्रुप द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन का प्रमुख आकर्षण शिव-पार्वती विवाह की मनमोहक प्रस्तुति रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जा रही है। नगर के युवाओं द्वारा इसकी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

प्रमुख आकर्षण का केंद्र

बाबा महाकाल की पालकी शोभायात्रा में विभिन्न स्थानों से आने वाले कलाकार एवं ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें प्रमुख रूप से राजिम के डमरू वादक ग्रुप, ओडिशा के झालर घंटी बाजा, थ्री स्टार अघोरी झांकी ग्रुप दुर्ग, डीजे राजा राजिम, डीजे नाइस जोन राजिम, आदित्य म्यूजिकल ग्रुप राजिम, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध एंकर आरजे नमित रायपुर, धुमाल गौरी कृपा ग्रुप दुर्ग शामिल रहेंगे।

इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर मुख्यालय के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

विधायक और मंदिर ट्रस्ट को आमंत्रण

नगरवासियों और आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए राजिम विधायक रोहित साहू तथा फिंगेश्वर मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सर्वराकार राजा नीलेन्द्र बहादुर सिंह को महाआरती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

आयोजन समिति ने नगर मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा महाकाल की पालकी यात्रा एवं महाआरती में शामिल होने की अपील की है।