(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- स्मार्ट मीटर एंव बिजली बिलों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के नेतृत्व एवं जामगांव मंडल कांग्रेस के तत्वाधान में आज बुथ, पंचायत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन कर स्मार्ट मीटर के विरोध प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पंचायत मंत्री अमितेश शुक्ल एवं अध्यक्षता पूर्व संसदीय सचिव व गरियाबंद जिला प्रभारी विनोद सेवालाल चंद्राकर ने की, कार्यक्रम में किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री दाऊलाल चंद्राकर, फिंगेश्वर ब्लॉक प्रभारी रमेश शर्मा, पन्नालाल ध्रुव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के ग्रामीण इस प्रदर्शन में शामिल हुए और स्मार्ट मीटर के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ने संबोधित करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम बिजली उपभोक्ताओं के सामने नई परेशानियां खड़ी हो रही हैं। पहले से ही महंगाई और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही जनता के ऊपर बढ़े हुए बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूर, किसान, छोटे व्यापारी एवं निम्न आय वर्ग के परिवार बिजली के बढ़ते खर्च से परेशान हैं।
श्री शुक्ल ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, इसे केवल आर्थिक बोझ बढ़ाने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। सरकार एवं बिजली विभाग को उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए तथा किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले जनता के हित और उसकी पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में गरियाबंद जिला प्रभारी विनोद सेवन लाल चंद्राकार ने संबोधित करते हुए सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए, जिन उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर को लेकर आपत्ति है उनकी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए तथा बिजली बिलों में हो रही अनियमितताओं एवं अत्यधिक वृद्धि की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को पुराने मीटर एवं नए मीटर की रीडिंग तथा बिलिंग व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
श्री चंद्राकर ने कहा कि पार्टी द्वारा लगातार गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता से संपर्क किया जा रहा है। इस दौरान बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी जा रही हैं तथा स्मार्ट मीटर हटाने और उपभोक्ताओं की शिकायतों को लेकर आवश्यक जानकारी एवं आवेदन भी लिए जा रहे हैं। कांग्रेस का यह अभियान केवल किसी एक गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि आम उपभोक्ताओं के अधिकार और हित की लड़ाई है।
किसान नेता दाऊलाल चंद्राकर ने कहा कि “जनता की बिजली,जनता का अधिकार है। बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी।” उन्होंने कहा कि यदि सरकार और बिजली विभाग द्वारा आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तथा स्मार्ट मीटर एवं बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई,तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ब्लॉक के प्रत्येक गांव और पंचायत में जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस मुद्दे से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आभार व्यक्त करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि जनता के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा और जब तक बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।




