CGTalkies

CGTalkies News

नवापारा में रासुका कार्रवाई के बीच हंगामा, फिल्मी स्टाइल में पुलिस गाड़ी का किया पीछा, 15 आरोपी गिरफ्तार; नगर में निकला आरोपियों का जुलूस

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- रायपुर जिले के गोबरा-नवापारा में गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत की जा रही पुलिस कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। आबकारी प्रकरण में जेल में निरुद्ध रहे टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी रासुका आदेश का पालन कराने पहुंची पुलिस टीम को आरोपी के परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी तक की नौबत आ गई।

आरोप है कि परिजनों ने पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की तथा कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपी के परिजनों ने फिल्मी स्टाइल में पुलिस वाहन का पीछा भी किया और रास्ते में गाड़ी रोककर कार्रवाई बाधित करने की कोशिश की।

नगर में निकाला जुलूस 

घटना की सूचना मिलते ही नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लल्ला सोनवानी सहित विरोध कर रहे सभापति और उसके परिजनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद थाना से लेकर अस्पताल तक पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपियों को ले जाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों द्वारा पुलिसकर्मियों को धमकी देने तथा पुलिस वाहन को पेट्रोल बम से उड़ाने जैसी गंभीर धमकियां भी दी गईं। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, धमकी, पुलिस से मारपीट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अलग से प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्रवाई के दौरान सीएसपी तुलसी लेकाम, एसडीएम रवि सिंह, अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम, गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

नवापारा नगरवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई को अब तक का सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासियों की भीड़ जमा हो गई थी।