CGTalkies

CGTalkies News

सरगी नाला में मिला अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सरगी नाला एनीकट इंटकवेल के पास पानी में एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली अवस्था में शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरगी नाला के पास अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव की स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना प्रभारी जय प्रकाश नेताम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

शव की नहीं हुई पहचान

पुलिस के अनुसार शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। फिंगेश्वर पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं शव की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच लगातार जारी है।