CGTalkies

CGTalkies News

आरंग में 8 वर्षीय मासूम का अपहरण! पुलिस की घेराबंदी से घबराए आरोपी, पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भागे

(सीजी टॉकिज) :- आरंग में 8 वर्षीय मासूम के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। घर से साइकिल चलाने निकला बच्चा जब वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष टीमें गठित कीं और संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की सक्रियता और चौतरफा घेराबंदी के बीच आरोपी बच्चे को समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

घर से साइकिल चलाने निकला था मासूम

जानकारी के अनुसार, आज शाम करीब 4 बजे थाना आरंग में एक 8 वर्षीय बच्चे के लापता होने की सूचना मिली। बच्चा बालाजीपुरम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है। उसकी मां एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं, जबकि पिता मेडिकल स्टोर में काम करते हैं।

बताया गया कि बच्चा घर से साइकिल चलाने निकला था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम, रास्तों पर नाकेबंदी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में आरंग पुलिस ने तत्काल विशेष टीमें गठित कीं। आसपास के संभावित रास्तों और सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। इसके साथ ही कॉलोनी और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार जारी तलाशी अभियान से आरोपियों पर दबाव बढ़ा। इसी बीच आरोपी बच्चे को आरंग क्षेत्र के समोदा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए।

चिकित्सीय जांच के बाद परिजनों को सौंपा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। चिकित्सीय जांच के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मासूम के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अपहरण में शामिल संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।