गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.50 लाख के हीरे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में अवैध हीरे कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 नग हीरे के साथ महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। हीरे की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी ग्राहकों की तलाश में हीरे की बिक्री करने की फिराक में खड़े थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोच लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 15 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मैनपुर और स्पेशल टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान जीरो पॉइंट सीकासार मार्ग पर पहुंचकर घेराबंदी की कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने मौके पर एक महिला और दो पुरुषों को संदिग्ध हालत में खड़े पाया। तलाशी लेने पर महिला आरोपी भानुमति यादव के कब्जे से 5 नग, आरोपी कुशल नेताम के पास से 2 नग और आरोपी अर्जुन पांडे के कब्जे से 2 नग कुल 9 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ बरामद किए गए। जब्त हीरे की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी हीरे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी हीरे को जब्त कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी यह हीरे कहां से लाए थे और इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपी

  • भानुमति यादव (38 वर्ष) निवासी ग्राम मोहंदा थाना मैनपुर,
  • कुशल नेताम (25 वर्ष) निवासी पीपल कन्हार थाना पीपरछेड़ी,
  • अर्जुन पांडे (51 वर्ष) निवासी बेगरपारा थाना मैनपुर शामिल हैं।