(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- आम लोगों को धारदार चाकू लहराकर डराने-धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने के मामले में अभनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का अभनपुर नगर जुलूस भी निकाला।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि यारा द पंजाबी ढाबा अभनपुर के पास तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल से पहुंचे हैं और धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना में उनके द्वारा लूटपाट का प्रयास किए जाने की भी जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना अभनपुर की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू बंजारे उर्फ राजू पठान (30 वर्ष) पिता जवाहर बंजारे निवासी वार्ड क्रमांक 07 अभनपुर तथा दीपक वर्मा (25 वर्ष) पिता चंदूलाल वर्मा निवासी ग्राम बड़े उरला के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान मोहित मिता निवासी ग्राम टोकरो के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 केसी 3871 को भी जब्त किया गया। चाकू के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
लूट और चाकूबाजी के पुराने मामले भी दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान के खिलाफ थाना क्षेत्र में लूट और चाकूबाजी से जुड़े कई प्रकरण पहले से दर्ज हैं। मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 111 बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी मोहित मिता की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश सहित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




