CGTalkies

CGTalkies News

दर्दनाक हादसा: अस्थि विसर्जन कर लौट रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर

(सीजी टॉकिज) :- अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां अज्ञात वाहन ने एक्टिवा सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र में हुआ है। बताया जा रहा है कि तीनों लोग रायपुर से एक ही एक्टिवा में सवार होकर राजिम में अस्थि विसर्जन करने आए थे। लौटने के दौरान अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर मोहन ढाबा के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

इस हादसे में हरिश्चंद्र वासुदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश भी शुरु कर दी गई है।

अभनपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, बाइक से पहचान की कोशिश

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां चौक के पास एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को अंबेडकर चौक के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। लोगों ने नजर शव पर पड़ते ही हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर अभनपुर पुलिस की टीम पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव के पास ही एक बाइक भी मिली है। पुलिस बाइक से संबंधित जानकारी जुटाकर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल अभनपुर थाना पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

अभनपुर के सोनेसिली में स्कूल भवन नहीं, जर्जर कमरों में पढ़ने को मजबूर बच्चे; पालकों और ग्रामीणों ने की तालाबंदी, मूकदर्शक बने शिक्षक

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- एक ओर सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनेसिली की तस्वीर इन दावों पर खोखला साबित कर रही है। गांव में वर्षों बाद भी स्थायी स्कूल भवन का निर्माण नहीं हो सका है। जर्जर भवन और कक्षाओं की भारी कमी के बीच बच्चों को जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।

इसी समस्या से नाराज पालकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया और ‘‘नया स्कूल भवन दो’’ के नारे लगाए।

बरसात में खतरा, गर्मी में परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित हो रहे हैं। दोनों भवन बेहद जर्जर हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार बारिश से भवनों की हालत और खराब हो गई है। वर्तमान में विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले पर्याप्त कक्षाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे बच्चे दो अतिरिक्त कमरों में किसी तरह पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

कई बार ज्ञापन, लेकिन नहीं मिली राहत

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों खतरे में हैं।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षक स्कूल परिसर के बाहर मूकदर्शक बने रहे। हाथों में तख्तियां लिए ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक नए भवन की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

ग्रामीणों की दो टूक चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की जान जोखिम में डालकर पढ़ाई नहीं कराई जा सकती। यदि जल्द नया स्कूल भवन स्वीकृत नहीं हुआ और निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।