CGTalkies

CGTalkies News

चक्रवाती तूफानों की मार! अर्नब के बाद अकवान से किसानों की महीनों की मेहनत पर फिरा पानी

(सीजी टॉकिज) :- छत्तीसगढ़ में मौसम की बेरुखी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पहले चक्रवाती तूफान अर्नब, फिर मुरासु और अब अकवान के असर से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी फसल से लेकर कटाई के बाद खुले आसमान के नीचे रखे धान तक पर संकट मंडरा रहा है।

जिस वक्त किसान अपनी सालभर की मेहनत को समेटकर घर और खरीदी केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी में जुटे थे, ठीक उसी वक्त आसमान से बरसती आफत ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। मौसम की इस मार ने अन्नदाताओं के सामने एक बार फिर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।

खेतों से खलिहानों तक आफत, किसान आखिर किसके भरोसे?

प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हो रही बारिश ने खेती-किसानी का पूरा समीकरण बिगाड़ दिया है। कहीं खेतों में धान की कटाई का काम अधूरा पड़ा है, तो कहीं काटकर रखा गया धान बारिश में भीग रहा है। किसान दिन-रात मेहनत करके फसल को सुखाने, मिंजाई और छंटाई करने में जुटे थे, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी सारी योजनाओं को प्रभावित कर दिया है।

सबसे बड़ी चिंता उन किसानों की है, जिनका धान कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में खुले में रखा हुआ है। बारिश से धान में नमी बढ़ने, दाने की गुणवत्ता खराब होने और उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने का खतरा पैदा हो गया है। किसानों का कहना है कि लगातार मौसम की मार से उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट आ गया है। कुछ प्रभावित किसानों ने तो करीब 50 प्रतिशत धान खराब होने की आशंका भी जताई है।

एक के बाद एक तूफान, हर बार किसानों की परीक्षा

इस सीजन में किसानों को मौसम की लगातार मार झेलनी पड़ रही है। पहले अर्नब तूफान का असर, फिर मुरासु चक्रवाती सिस्टम की सक्रियता और अब अकवान के चलते बारिश ने किसानों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। प्रकृति की इस बेरुखी ने किसानों को समझ नहीं आ रहा कि वे अपनी फसल बचाएं या मौसम के अगले हमले का इंतजार करें।

धान की फसल तैयार करने में बीज, खाद, दवा, मजदूरी और सिंचाई पर किसान पहले ही बड़ी रकम खर्च कर चुके हैं। अब जब फसल घर लाने का समय आया है, तब बेमौसम बारिश उनकी आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रही है। खेतों में पानी और खलिहानों में भीगा धान किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।

मुख्यमंत्री का भरोसा, सर्वे के बाद मिलेगी राहत

बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ती परेशानी के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावित किसानों को राहत देने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों को फसल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। नुकसान की स्थिति सामने आने के बाद नियमानुसार आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता और पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की बात कही गई है।