CGTalkies

CGTalkies News

गरियाबंद के चिंगरापगार में युवकों की गुंडागर्दी! एंट्री रोकने पर विवाद, ग्रामीणों से मारपीट का आरोप, FIR दर्ज

(सीजी टॉकीज) गरियाबंद :- जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिंगरापगार जलप्रपात में रविवार को पार्किंग और प्रवेश को लेकर युवकों का हंगमा देखने को मिला। दुर्ग जिले से आए युवकों और स्थानीय समिति के सदस्यों के बीच हुई कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने युवकों के वाहन में जमकर तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी कुछ युवकों की तीखी बहस हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में लेकर एक वाहन जब्त कर लिया है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जबरन प्रवेश की कोशिश से भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, चिंगरापगार पर्यटन स्थल में सुरक्षा और व्यवस्थागत कारणों से प्रत्येक रविवार दोपहर 3 बजे के बाद पर्यटकों का प्रवेश बंद कर दिया जाता है। इसके बावजूद दुर्ग से कार में पहुंचे कुछ युवक निर्धारित समय के बाद भी अंदर जाने की जिद पर अड़ गए। प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था संभाल रही स्थानीय समिति के सदस्यों ने जब उन्हें रोका तो दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया।

पाइप और हाथ-मुक्कों से हमला करने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि बाहर से आए युवकों ने समिति के सदस्यों के साथ पाइप तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया तथा गुस्साए लोगों ने विवाद में शामिल युवकों के एक वाहन में जमकर तोड़फोड़ कर दी।

हम भाजपा कार्यकर्ता हैं, किसी से डरते नहीं वीडियो वायरल

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए कहता सुनाई दे रहा है ‘‘हम भाजपा कार्यकर्ता हैं, हम किसी से डरते नहीं हैं। जो भी होगा, हम देख लेंगे।’’ वीडियो में कुछ युवक पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि युवक भाजपा का नाम लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों पर दबाव बनाने तथा राजनीतिक प्रभाव दिखाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस से भी बहस, पांच युवक हिरासत में

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार कुछ युवक पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए और कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में बातचीत करने लगे। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लेकर गरियाबंद थाने पहुंचाया। विवाद में शामिल एक वाहन भी जब्त किया गया है। गरियाबंद पुलिस ने कार सवार 4-5 युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 296, 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *