(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम नगर में नए मेला मैदान से लक्ष्मण झूला तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन सड़क परियोजना को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर पार्षद तुषार कदम राजिम की ओर से अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) राजिम को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण स्थल पर परियोजना से संबंधित अनिवार्य सूचना-पटल (डिस्प्ले बोर्ड) तक नहीं लगाया गया है, जिससे निर्माण एजेंसी, ठेकेदार, स्वीकृत लागत और कार्य अवधि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां आम नागरिकों को उपलब्ध नहीं हो रही हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित निर्माण कार्य के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि पुरातत्व विभाग द्वारा संबंधित विभाग और ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।
बारिश में नदी में बह रही मिट्टी का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले नदी किनारे बिना रिटेनिंग वॉल बनाए मिट्टी डाल दी गई, जिसके कारण बारिश के दौरान मिट्टी नदी में बह रही है। इससे न केवल पर्यावरणीय नुकसान होने की आशंका जताई गई है, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है।
मिट्टी की गुणवत्ता और भुगतान पर भी सवाल
ज्ञापन में विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों का हवाला देते हुए निर्माण में उपयोग की गई मिट्टी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। साथ ही यह दावा किया गया है कि निर्माण कार्य के नाम पर ठेकेदार को बड़ी राशि के भुगतान की सूचना भी मिली है।
ये की गईं प्रमुख मांगें
शिकायतकर्ता ने एसडीएम से मांग की है कि सक्षम तकनीकी अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जांच पूरी होने तक आवश्यकता पड़ने पर निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, दोषी अधिकारी एवं ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा ठेकेदार को किसी भी प्रकार का भुगतान न किए जाने की मांग है।












Leave a Reply