CGTalkies

CGTalkies News

घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारभाटा में एक 20 वर्षीय युवक का शव घर के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनीष मार्कण्डेय पिता स्वर्गीय नोहर लाल मार्कण्डेय (20 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने जब युवक को फंदे पर लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है। अभनपुर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *