यात्री बस ने मोपेड सवार महिला को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत, एक घायल

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- गरियाबंद-छुरा मार्ग पर यात्री बस ने मोपेड सवार को कुचला दिया। हादसा इतना भीषण था कि एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मोपेड चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बागबाहरा क्षेत्र के भीखापाली निवासी महिला और एक पुरुष मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गरियाबंद से खड़मा की ओर जा रही मां ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल पुरुष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दो दिन में दूसरी मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग पर दो दिन पहले भी कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। लगातार दूसरी जान जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक तथा अन्य सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *