(सीजी टॉकिज) रायपुर:- मंदिर हसौद थाने में एक महिला की शिकायत पर युवा नेता उपेन्द्र भारती के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अपराध दर्ज किया गया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपी पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। उसकी पतासाजी जारी है।
लंबे समय से प्रताड़ित करने के आरोप
शिकायत के अनुसार, महिला अपने पति और बच्चों के साथ मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक गांव में रहती है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पड़ोसी उपेन्द्र भारती कथित तौर पर उसके घर आकर उसे परेशान करता था और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता था। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे तथा उसके बच्चों सहित परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी रात के समय भी उसके घर पहुंचता था। उसके मुताबिक, यह कथित उत्पीड़न कई महीनों से जारी था, जिससे परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत की।
बच्चों को अपनाने से इनकार करने का भी आरोप
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी के साथ कथित संबंधों के चलते उसके बच्चे हुए, लेकिन अब आरोपी उन्हें अपनाने से इनकार कर रहा है। महिला का दावा है कि इस घटनाक्रम से उसका पारिवारिक और वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ है। शिकायत में महिला ने आरोपी पर अपनी राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया है।
FIR दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस
महिला की शिकायत के आधार पर मंदिर हसौद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दे चुकी है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी पतासाजी की जा रही है।












Leave a Reply