(सीजी टॉकिज) राजिम :- गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में महानदी के अलग-अलग जगहों पर दो अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। एक महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिली, जबकि दूसरी महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
अर्धनग्न हालत में मिला पहला शव
जानकारी के अनुसार राजिम-नवागांव एनीकट के पास मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना पर राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया। महिला की पहचान और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हाथ पर ‘अनिता राज’ का गोदना
बताया गया कि महिला के हाथ पर गोदना यानी टैटू बना हुआ है, जिसमें ‘अनिता राज’ लिखा है। राजिम पुलिस के अनुसार हाथ पर बने गोदना के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मणिकंचन वार्ड में मिली सड़ी-गली लाश
दूसरी महिला का शव राजिम के मणिकंचन वार्ड क्रमांक 1 के पास मिला है। शव काफी सड़ी-गली हालत में मिला है, जिसके कारण महिला की पहचान करने में परेशानी आ रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। मौके से जुरूरी साक्ष्य जुटाकर सुरक्षित किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस शवों की पहचान के लिए प्रयास कर रही है और आसपास के क्षेत्रों से लापता महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों महिलाओं की मौत किन परिस्थितियों में हुई, शव नदी के अलग-अलग हिस्सों तक कैसे पहुंचे और क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply