(सीजी टॉकिज) रायपुर:- शासकीय हाई स्कूल छटेरा के व्याख्याता रामानंद ध्रुव को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं निरंतर सक्रिय योगदान के लिए राज्य स्तरीय एजुकेशन स्कल्पटर सम्मान से सम्मानित किया गया। एम.डी. सोसाइटी एवं कलिंगा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के विकास में योगदान
श्री ध्रुव को यह सम्मान शैक्षणिक चेतनशीलता, शिक्षा की गुणवत्ता में योगदान, साक्षरता वृद्धि, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी एवं बेहतर अध्यापन तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका के लिए दिया गया। शिक्षकीय दायित्वों के साथ-साथ श्री ध्रुव विभिन्न ग्रामों में जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए उनके प्रयासों की भी सराहना की गई।
शिक्षा जगत की हस्तियों के हाथों मिला सम्मान
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों एवं शिक्षा से जुड़े प्रतिभावान व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रामानंद ध्रुव को छत्तीसगढ़ शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम एवं कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी के करकमलों से सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान को बताया नई जिम्मेदारियों की प्रेरणा
सम्मान प्राप्त करने पर रामानंद ध्रुव ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गौरव के साथ-साथ शिक्षा, विद्यार्थियों और समाज के प्रति अपने दायित्वों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना भी शिक्षक का महत्वपूर्ण दायित्व है।
जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने दी बधाई
श्री ध्रुव की इस उपलब्धि पर जनपद उपाध्यक्ष आरंग रविन्द्र चंद्राकर, छटेरा सरपंच श्रीमती मायावती बांधे, निसदा सरपंच मानसिंग निषाद, जनभागीदारी समिति छटेरा के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, प्राचार्य आई.जे. विंद, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लकेश्वर रात्रे, बीआरसीसी सुरेंद्र चन्द्रसेन, संकुल समन्वयक रितेश ठाकुर सहित विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया।
इसके अलावा भरतलाल चंद्राकर, सोनचंद घृतलहरे, एवन दास बंजारे, सुशील कुमार बेलगहे, प्रीतिबाला पटेल, जितेंद्र कुमार चंद्राकर, योगेश कुमार चंद्राकर, शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।












Leave a Reply