(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के रूप में विख्यात राजिम के पवित्र त्रिवेणी संगम तट पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके सार्वजनिक जीवन, सेवा, सुशासन और संकल्प के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के अंतर्गत त्रिवेणी संगम को 21 हजार दीपों से जगमगाया जाएगा। यह विकासखंड स्तरीय भव्य आयोजन नगरपालिका परिषद राजिम और जनपद पंचायत फिंगेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान त्रिवेणी संगम तट पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और 21 हजार प्रज्वलित दीपों की रोशनी से पूरा राजिम जगमगा उठेगा। उपस्थित सभी नागरिक एवं जनप्रतिनिधि एक साथ देश के प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी कार्यकाल की कामना करते हुए दीप दान करेंगे। इस ऐतिहासिक और गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित रहेंगे। उनके साथ नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव,जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू,नगरपालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगर व क्षेत्रवासी शामिल होकर इस अवसर के साक्षी बनेंगे।
राजिम विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, श्रद्धालुओं और युवाओं से इस अलौकिक दीप प्रज्वलन और महाआरती कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह आयोजन सेवा और सुशासन के प्रति हमारी निष्ठा और हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जन-आशीर्वाद का प्रतीक है। सभी नगरवासी और क्षेत्रवासी संध्या 06 बजे संगम तट पहुँचकर 21 हजार दीपों के इस विहंगम दृश्य का हिस्सा बनें। शाम 07 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा।
विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों के नाम विशेष संदेश जारी करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन मां भारती की सेवा, त्यागमय तपस्या और अंत्योदय के संकल्प को समर्पित है। सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होना भारत के सशक्तिकरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। मोदी जी ने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने का जो भागीरथ प्रयास किया है, उसने 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में आत्मसम्मान और समृद्धि का उजाला भरा है।
राजिम की यह पावन धारा, जहाँ तीन पवित्र नदियों का संगम होता है, आज ऐसे महानायक के दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करती है। मैं क्षेत्र के अपने सभी परिवारजनों से विनम्र आग्रह करता हूँ कि इस ऐतिहासिक संध्या पर त्रिवेणी संगम तट पर पधारकर आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित करें और इस अलौकिक महादीपोत्सव के साक्षी बनें।












Leave a Reply