CGTalkies

CGTalkies News

भारत भ्रमण पर निकले गणेश निषाद के जज्बे को डॉ. रमन सिंह का सलाम, फोन कर बढ़ाया हौसला

(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले गरियाबंद जिले के ग्राम बोरसी निवासी गणेश निषाद से फोन पर बातचीत कर उनके साहस, संकल्प और राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान की सराहना की। विधानसभा अध्यक्ष ने गणेश के जज्बे को नमन करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

हिमालय की वादियों से साइकिल यात्रा की शुरुआत

ग्राम बोरसी के युवा गणेश निषाद ने हिमालय की वादियों से अपनी अनूठी साइकिल यात्रा की शुरुआत की है। अयोध्या से होते हुए वे अब देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर रहे हैं। हजारों किलोमीटर लंबी इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित करना है। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका यह अभियान लगातार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

फोन पर हुई आत्मीय बातचीत के दौरान डॉ. रमन सिंह ने गणेश निषाद से उनकी यात्रा के अनुभवों, अब तक तय किए गए मार्ग, सामने आई चुनौतियों और आगे की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब युवा डिजिटल दुनिया में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, ऐसे समय में गणेश जैसी प्रेरणादायी यात्रा समाज के लिए सकारात्मक संदेश लेकर आई है।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समाज के प्रति समर्पण हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने विश्वास जताया कि गणेश निषाद की यह यात्रा देशभर के युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने गणेश को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. रमन सिंह ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे गणेश निषाद की इस प्रेरक यात्रा से जुड़ें, उनके अभियान को प्रोत्साहित करें और सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी यात्रा के साक्षी बनें। उनका कहना था कि ऐसे प्रयासों को समाज का व्यापक समर्थन मिलना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक युवा सकारात्मक अभियानों से प्रेरित हो सकें।

वहीं, विधानसभा अध्यक्ष से फोन पर मिली शुभकामनाओं और सम्मान से अभिभूत गणेश निषाद ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का प्रोत्साहन उनकी ऊर्जा को कई गुना बढ़ा देता है और इससे उन्हें अपने अभियान को और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है। गणेश ने विश्वास जताया कि वे अपनी यात्रा के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देश के हर कोने तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *