गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: 11 केवी तार की चपेट में आने से बाइक समेत जिंदा जला युवक

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के दशपुर बांध के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक और उसकी बाइक दोनों आग की चपेट में आ गए।

मृतक की पहचान यशवंत कुमार ध्रुव (37) निवासी दसपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यशवंत तेंदूपत्ता लेकर जंगल से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में खंभे से टूटकर नीचे झूल रहा 11 केवी बिजली तार उसकी गर्दन में उलझ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तार गले में फंसते ही तेज करंट दौड़ गया और कुछ ही सेकेंड में आग की लपटें उठने लगीं। युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। करंट इतना तेज था कि लोग तुरंत उसके पास नहीं जा सके। देखते ही देखते बाइक जलकर खाक हो गई और युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली सप्लाई बंद कर शव को कब्जे में लिया गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक ने की आत्महत्या, घर के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

(सीजी टॉकिज) :- जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुजीबहार में एक 26 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। युवक लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अविनाश टोप्पो (26 वर्ष) निवासी ग्राम सुजीबहार, थाना कांसाबेल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अविनाश बैंगलोर में रहकर काम करता था। कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके बाद उसने 1 मई को अपने परिजनों को फोन कर स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी थी और घर ले जाने की बात कही थी। परिजनों ने उसे ट्रेन से कोरबा तक आने के लिए कहा, जहां से 3 मई को परिवार के लोग उसे लेकर गांव पहुंचे। तबीयत अधिक खराब होने पर 4 मई को इलाज के लिए उसे जशपुर ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं। इस जानकारी के बाद युवक काफी परेशान रहने लगा था।

पुलिस के अनुसार, 6 मई को मृतक के पिता सैहुन टोप्पो किसी काम से पड़ोसी गांव चोगरी बहार गए हुए थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि अविनाश ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर कांसाबेल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रक की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, 4 वर्षीय बेटा घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(सीजी टॉकिज) कबीरधाम :- कवर्धा जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई, तभी पास से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका 4 वर्षीय मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक दंपत्ति किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद घोरपेन्द्री स्थित अपने ससुराल में रुके हुए थे। शुक्रवार सुबह वे अपने गृह ग्राम सारंगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान घोरपेन्द्री से करीब दो किलोमीटर दूर बासनी स्कूल के पास बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। इस बीच दंपति ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में कृष्णा हाडिले (34 वर्ष) और उनकी पत्नी कृतिका हाडिले (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चा जगदीश दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और जाम समाप्त करवाया। इसके बाद पुलिस ने दंपत्ति के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

नवापारा पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब बेचते दो कोचिया गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- गोबरा नवापारा पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।

नवापारा पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पारागांव बाजार चौक के पास दो व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही शराब खरीदने वाले मौके से भाग निकले, जबकि शराब बेच रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में कोचियों ने अपना नाम बसंत सिन्हा और सीताराम निषाद निवासी गांधी चौक बताया, जो पारागांव के रहने वाले हैं।

पुलिस तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 42 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4,200 रुपए आंकी गई है। आरोपियों से शराब बिक्री संबंधी दस्तावेज और लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाने में 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया।

बेटियों के सपनों को पंख देगा नारी शक्ति वंदन!” – सुश्री सरोज कंसारी

बेटियों के सपनों को पंख देगा नारी शक्ति वंदन!” – सुश्री सरोज कंसारी

महिलाओं की आवाज को ताकत देने वाला यह ऐतिहासिक बिल – सोमा शर्मा पत्रकार

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज दोपहर नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विशेष कार्यवाही हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आईं माताएं-बहनें सदन की कार्यवाही देखने पहुंचीं। पत्रकार, शिक्षक, डॉक्टर और वकील समुदाय के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। अधिनियम में महिलाओं को 33% आरक्षण और नेतृत्व का अधिकार देने का प्रावधान है!

नावापारा-राजिम नगर अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, कवयित्री एवं शिक्षिका सुश्री सरोज कंसारी, डॉ. रेशमा साहू और पत्रकार सोमा शर्मा भी सदन पहुंचीं। नगर अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने कहा, _”नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान का दस्तावेज है। 33% आरक्षण से गांव-शहर की हर बेटी पंचायत से संसद तक पहुंचेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को सादर धन्यवाद।”

सुश्री सरोज कंसारी ने कहा, _”यह बिल सिर्फ कानून नहीं, बेटियों के सपनों को पंख है। जब मातृशक्ति निर्णय लेगी तो समाज की दिशा बदलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का आभार कि उन्होंने हमें सदन में सम्मान दिया।”

पत्रकार सोमा शर्मा ने कहा, _”महिलाओं की आवाज को ताकत देने वाला यह ऐतिहासिक बिल है। मीडिया की बहनें भी अब नीति निर्धारण में भागीदार बनेंगी। छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम सराहनीय है।”_ प्रबुद्ध महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, साजा विधायक ईश्वर साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे।

सदन में नारी शक्ति बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस ने विरोध दर्ज किया। इसके बाद मातृशक्ति ने अधिनियम के समर्थन में भावनाएं व्यक्त कीं और विशेष सत्र के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मातृशक्ति का यह विश्वास और समर्थन सरकार को ऊर्जा देता है, ताकि हर बहन-बेटी के सम्मान, सुरक्षा और सशक्त भविष्य के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया जाए।