CGTalkies

CGTalkies News

नवापारा में नाली में मिला भ्रूण, निजी अस्पताल के पास फेंके जाने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी अस्पताल के समीप नाली में भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल गोबरा नवापारा पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नाली में भ्रूण पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को यहां लाकर फेंका गया होगा। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह और घटना से जुड़े लोगों के संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास स्थित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि भ्रूण को यहां फेंकने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। भ्रूण मिलने की इस घटना ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।