(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- अभनपुर क्षेत्र के ग्राम मानिकचौरी में चाकू और तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 11 सितंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि ग्राम मानिकचौरी में दो व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर अभनपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम योगेश्वर निषाद, निवासी बरौंडा, तथा दूसरे ने मोहित यादव, निवासी मोहरेगा बताया। पुलिस के अनुसार उनके कब्जे से लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई।
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान एक अन्य आरोपी पंकज बैरागी पिता श्यामदास बैरागी उम्र 24 वर्ष, निवासी सूर्य नगर डबरापारा गुढ़ियारी, हाल पता अटल आवास बेलमाठा, के कब्जे से लोहे के धारदार चाकू और मोटरसाइकिल बरामद किए गए।
न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर चाकू, तलवार जैसे धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को भयभीत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




