(सीजी टॉकिज) :- अभनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शराब दुकान और अभनपुर के बीच स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव के पास बाइक भी मिली है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बाइक का बैलेंस बिगड़ने से व्यक्ति नाले में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान गिरोला गांव निवासी गंगादीन साहू (57 वर्ष) पिता स्वर्गीय सुखाऊ साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गंगादीन गुरुवार रात से घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह लोगों ने नाले के भीतर एक बाइक और शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिरने की आशंका जताई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कामय कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




