(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अभनपुर ओवरब्रिज के नीचे एक युवक अवैध रूप से शराब बिक्री करने के उद्देश्य से भारी मात्रा में शराब रखकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजूलाल कोसरिया पिता पूरनलाल कोसरिया, (20 वर्ष) निवासी ग्राम भटगांव, अभनपुर, जिला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे थैले से 34 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




